May 14, 2026
Screenshot_2025-07-24-15-17-12-83

काशीपुर। एक महिला ने अपने जेठ और उसके साथियों पर मृत पति की संपत्ति हड़पने के लिए फर्जी वसीयत तैयार करने, मारपीट करने और घर से बेदखल करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। सैनिक कॉलोनी, जसपुर खुर्द निवासी पायल रानी ने कोतवाली आईटीआई में तहरीर देकर बताया कि उसका विवाह 2 दिसंबर 2020 को अजय कुमार के साथ हुआ था। अप्रैल 2024 में बीमारी के चलते पति की मृत्यु हो गई। उसके चार वर्षीय पुत्री भी है। पति की मौत के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोगों की नीयत संपत्ति पर आ गई। आरोप है कि उनके जेठ संजय कुमार और अतुल कुमार ने अपने साथियों दीपक मंडल, नासिर हुसैन और अंकित कुमार के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने उसके दिवंगत पति के नाम पर एक कूटरचित वसीयत तैयार कर ली, ताकि चल-अचल संपत्ति पर कब्जा किया जा सके। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला और उसकी मासूम बेटी के साथ गालीगलौच की तथा मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुए घर से बाहर निकाल दिया। महिला का आरोप है कि घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, जमीन से संबंधित महत्वपूर्ण कागजात, बैंक पासबुक, एलआईसी बांड, पति का लाइसेंसी रिवॉल्वर और वाहन भी आरोपियों ने कब्जे में ले लिए। पीड़िता ने बताया कि वह खतौनी में अपना और पुत्री का नाम विरासत में दर्ज करा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद उसे प्रताड़ित किया गया। वर्तमान में वह अपनी पुत्री के साथ मुरादाबाद में रिश्तेदारों के यहां रह रही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *