June 1, 2026
IMG_20260601_124442

                      काशीपुर। पौराणिक नगर‌ काशीपुर‌ में मंदिरों की सुरक्षा को लेकर श्रृद्धालु जन बेहद चिंतित हैं, क्योंकि यहां के चोर भगवान से भी नहीं डरते। करीब एक माह से चोर लगातार मंदिरों को निशाना बनाते हुए सामान चोरी कर ले जा रहे हैं। रविवार रात कटोराताल पुलिस चौकी क्षेत्रांतर्गत श्री नागनाथ मंदिर एवं‌ श्री गंगे बाबा मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया है।                 जानकारी के मुताबिक कटोराताल पुलिस चौकी क्षेत्रांतर्गत मौहल्ला पक्काकोट स्थित श्री नागनाथ मंदिर के पुजारी ने सुबह करीब तीन बजे मंदिर गेट के पास एक सीढ़ी लगी देखी। संदेह के चलते वे मंदिर प्रांगण में गये तो मंदिर के कलश‌ और तांबे का नाग गायब और दानपात्र टूटा मिला। पुजारी के मुताबिक, सप्ताह भर पूर्व भी मंदिर में चोरी हो चुकी है। उधर, श्मशान घाट रोड स्थित श्री गंगे बाबा मंदिर उदासीन आश्रम में चोरों द्वारा शंकर जी के मंदिर से तांबे के नाग, तांबे का कलश और तांबे का लोटा चोरी कर लिया गया। बीती रात घटित इस घटना में चोर सीसीटीवी फुटेज में सामान ले जाते दिख रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज ले ली है। बताया गया है कि दो-तीन दिन पूर्व हनुमानजी की गदा और तांबे का एक लोटा भी चोरी हो गया था। यहां बता दें कि सप्ताह भर पहले स्टेडियम के समीप श्री नागिन शक्ति मंदिर में और उसके बाद जागेश्वर मंदिर में भी चोरी की वारदात हो चुकी है। कुल मिलाकर काशीपुर में मंदिर सुरक्षित नजर नहीं आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *