काशीपुर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अपराध की दुनिया में करीब तीस साल से सक्रिय एक लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर योगेश मलिक उर्फ भदौरिया को कोतवाली आईटीआई पुलिस ने तमंचा-कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत बुधवार को डायल 112 पर सूचना मिली थी कि चैती मेला मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली आईटीआई पुलिस टीम सक्रिय हो गई। कॉलर की निशानदेही पर पुलिस ने पुरानी चौकी चैती के पास स्थित एक खंडहर के निकट घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में संदिग्ध ने अपना नाम योगेश मलिक उर्फ भदौरिया पुत्र भोपाल सिंह, निवासी ग्राम भदौड़ा, थाना रोहटा, जिला मेरठ बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की ओर से उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क कर आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला गया। जांच में सामने आया कि योगेश मलिक उत्तर प्रदेश पुलिस का घोषित एक लाख रुपये का इनामी गैंगस्टर है। उसके खिलाफ मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, सहारनपुर और गाजियाबाद सहित विभिन्न जिलों में 46 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी, बलवा और अन्य संगीन धाराएं शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पर मेरठ के कंकरखेड़ा थाने में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा भी दर्ज है। वहीं, वह सहारनपुर के गंगोह थाने में दर्ज बलवा और हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहा था। एसएसपी ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना उत्तर प्रदेश पुलिस को दे दी गई है।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
