उधम सिंह नगर। पुलिस और बदमाशों के बीच आज सुबह हुई मुठभेड़ में लंबे समय से फरार चल रहा वांटेड अपराधी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार तीनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। घटना के बाद मौके पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और बरामद हथियारों को जांच के लिए कब्जे में लिया गया। घायल बदमाश की पहचान जितेंद्र चौधरी पुत्र रामचंद्र, निवासी डिबडिबा के रूप में हुई है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार जितेंद्र चौधरी जिले में हुई कई सनसनीखेज फायरिंग की घटनाओं में वांटेड चल रहा था। वह 21 जून को गाबा चौक पर हुई फायरिंग का नामजद आरोपी था। इसके अलावा 30 जून की रात ट्राला पर हुई फायरिंग की घटना में भी उसकी तलाश की जा रही थी। इस घटना में पीलीभीत निवासी शाइस्ता नाम की महिला गोली लगने से घायल हुई थी। इन मामलों के बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आज सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जितेंद्र चौधरी अपने दो साथियों सुमित राठौर और चंदन के साथ जिले में किसी नई आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस टीम ने रुद्रपुर में तत्काल इलाके की घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। जैसे ही पुलिस ने तीनों बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, वे मौके से भागकर आम के बगीचे में पहुंच गए। पुलिस के अनुसार वहां से आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें जितेंद्र चौधरी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया। वहीं उसके दोनों साथी सुमित राठौर, निवासी ट्रांजिट कैंप, और चंदन, निवासी डिबडिबा को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जितेंद्र चौधरी के खिलाफ कुल 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें सात मामले उत्तर प्रदेश और तीन मामले उत्तराखंड में दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था और कई मामलों में वांटेड घोषित किया गया था। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से कारतूस, हथियार और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके अन्य साथियों तथा संभावित आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। एसएसपी ने कहा कि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और वांटेड अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
