July 16, 2026
Screenshot_2026-07-16-15-07-54-74

काशीपुर। हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे पर गांव मनोहर वाली के पास रामगंगा नदी के पुल से पहले बुधवार देर रात लगभग दो बजे हाईवे किनारे खड़ी एक टूरिस्ट बस में रोडवेज बस ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बस क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में टूरिस्ट बस के काशीपुर निवासी हेल्पर की मौत हो गई, जबकि दंपत्ति समेत तीन सवारी घायल हो गईं। जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात काशीपुर से एक प्राइवेट टूरिस्ट बस रुड़की के पास कलियर शरीफ जा रही थी। जिसमें 60 श्रद्धालु सवार थे। बताया गया है कि देर रात लगभग दो बजे जब टूरिस्ट बस जनपद बिजनौर के भूतपुरी क्षेत्र में पहुंची तो कुछ सवारियों ने लघुशंका के लिए बस रोकने को कहा। जिस पर चालक ने गांव मनोहर वाली से आगे रामगंगा नदी के पुल से पहले बस को हाइवे किनारे रोक दिया। इसके बाद कई सवारियां नीचे उतर गईं। इसी दौरान बस का हेल्पर 45 वर्षीय गोपी कुमार निवासी गिरीताल, काशीपुर बस के पिछले टायर चेक कर रहा था कि पीछे से आई एक रोडवेज बस ने टूरिस्ट बस में जोरदार टक्कर मार दी। इससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इसमें हेल्पर गोपी, 60 वर्षीय नसीम पुत्र इस्तकार व उनकी पत्नी रिहाना और 21 वर्षीय इकबाल निवासीगण मौहल्ला अल्ली खां, काशीपुर गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी अफजलगढ़ में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने हेल्पर गोपी को मृत घोषित कर दिया। रोडवेज बस कौशांबी डिपो की थी, जो काशीपुर से धामपुर की ओर जा रही थी। हादसे के बाद रोडवेज का चालक, परिचालक फरार हो गए। जबकि पुलिस ने सवारियों को अन्य बसों से रवाना कर दिया। दोनों बसों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, घायलों का उपचार चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *