रामनगर। गर्जिया क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब आबादी से सटे नेशनल हाईवे-309 के किनारे एक बाघ ने दिनदहाड़े घोड़े पर हमला कर दिया। बाघ घोड़े को अपना निवाला बनाने के बाद उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। आबादी के बेहद करीब बाघ की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार घटना सोमवार दोपहर करीब 1 बजे झूला पुल चौराहे के समीप पूर्व में बनाए गए गर्जिया पर्यटन जोन के गेट के पास हुई। बताया जा रहा है कि बाघ अचानक आबादी के नजदीक पहुंचा और घोड़े पर हमला कर दिया। इसके बाद वह घोड़े को घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। मौके के आसपास मौजूद लोगों ने बाघ को देखा तो वहां अफरा-तफरी मच गई। हाईवे किनारे घटना स्थल झूला पुल चौराहे के पास होने के साथ ही आबादी से सटा हुआ है। यहां दिनभर स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों और अन्य राहगीरों की आवाजाही रहती है। ऐसे में दिन के उजाले में बाघ के हाईवे के समीप पहुंचने और घोड़े का शिकार करने की घटना ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बाघ की गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं। आबादी के इतने करीब बाघ की मौजूदगी से लोगों में भय का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी। रामनगर वन प्रभाग के रेंज अधिकारी कृष्णा सिंह मेहरा ने बताया कि क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है और बाघ की लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से जंगल और उसके आसपास के क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
