काशीपुर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व मेयर प्रत्याशी संदीप सहगल एडवोकेट आज जनता की आवाज बनकर रोडवेज बस स्टैंड के समीप रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) पर जा पहुंचे। निर्माण कार्य शुरू होने से लेकर आज तक सुर्खियों में रहे इस आरओबी की बदहाली पर गहरा अफसोस जाहिर करते हुए उन्होंने आरओबी के नीचे नगर निगम द्वारा कराये जा रहे सौंदर्यीकरण पर भी सवाल उठाया। संदीप सहगल ने कहा कि भारी मशक्कत से बहुत सालों के बाद यह आरओबी पास हुआ था, और बड़ी मुश्किल से इसका निर्माण कार्य पूरा हुआ। लेकिन मुझे लगता है कि आने वाला समय यह याद रखेगा कि ऐसा आरओबी आज से पहले कभी भी किसी भी शहर में नहीं बना होगा। इसके निर्माण मानकों पर अंगुली उठाते हुए कांग्रेसी नेता संदीप सहगल ने कहा कि काशीपुर विधानसभा क्षेत्र में पिछले 25 वर्षों से चीमा राज है। इन 25 वर्षों में चीमा ने काशीपुर को सिर्फ एक आरओबी दिया, वो भी बेढंगा। दूसरा आरओबी बना ही नहीं। जो बना है उसके ऊपर भारी वाहन नहीं चल सकते, लेकिन कालरूपी डंपर दौड़ते नजर आते हैं। समय-समय पर इसकी मरम्मत स्पष्ट करती है कि इसका हाल कितना बुरा है।एडवोकेट सहगल ने इस आरओबी के नीचे नगर निगम द्वारा करोड़ों की लागत से कराए जा रहे सौंदर्यीकरण पर भी सवाल उठाया। कहा कि, आरओबी की स्थिति गिरने जैसी है और उसके नीचे सौंदर्यीकरण का कार्य कर जनता के पैसे का पूरी तरीके से दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने आरओबी की मरम्मत के लिए प्रशासन द्वारा पांच दिन यातायात बंद किये जाने के बारे में कहा कि इससे जगह-जगह जाम की स्थिति पैदा हो गई है। कांग्रेसी नेता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आग्रह किया कि वे मामले का संज्ञान लेकर काशीपुर में सरकारी धन का दुरुपयोग होने से बचाएं।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
