October 21, 2026
IMG_20261021_144459

काशीपुर (मानव गरिमा ब्यूरो)। त्यौहारी सीजन में काशीपुर क्षेत्र में कच्ची शराब का कारोबार चरम पर है। एक तरफ काशीपुर पुलिस लगातार छापेमारी कर कच्ची शराब की भट्टियां तोड़ रही है और तस्करों को पकड़ रही है, वहीं दूसरी तरफ इस पूरे अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी वाला आबकारी विभाग कुंभकर्णी नींद सोया है। उल्लेखनीय है लगातार कार्रवाई करती आ रही काशीपुर कोतवाली और आईटीआई कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अब सैकड़ों लीटर कच्ची शराब बरामद की है और कई तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। काशीपुर कोतवाली अंतर्गत गंगे बाबा मंदिर रोड और मौहल्ला रजवाड़ा में अल सुबह से देर रात तक कच्ची शराब बेचे जाने की खबरें किसी से छिपी नहीं हैं। शराबियों का जमघट खुद स्थिति बयां करता है। पुलिस कार्रवाई करती है लेकिन आबकारी विभाग ध्यान देना भी जरूरी नहीं समझता। कुंडेश्वरी पुलिस चौकी अंतर्गत रम्पुरा समेत ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस को नियमित रूप से कच्ची शराब की शिकायतें मिलने पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। वहीं, आईटीआई कोतवाली क्षेत्रांतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में खुलेआम कच्ची शराब बेची जा रही है, जिससे युवा पीढ़ी नशे की लत में बर्बाद हो रही है। आईटीआई कोतवाली पुलिस की टीम ने आज बुधवार को भी मुखबिर की सूचना पर ग्राम छोटी बरखेड़ी से यहीं की निवासी सरजीत कौर पत्नी स्व. सुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक काले रंग की रबड़ की ट्यूब में भरी हुई 39 लीटर कच्ची शराब खाम बरामद की है। बताया जा रहा है कि कई बार ग्रामीण क्षेत्रों के लोग आबकारी विभाग से शिकायत करते हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होती।

सवालों के घेरे में आबकारी विभाग :
नियमानुसार अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाना आबकारी विभाग का मुख्य कार्य है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट है। सूत्रों की मानें तो विभाग केवल लाइसेंसी दुकानों की जांच तक ही सीमित रह गया है। कच्ची शराब के अड्डों पर छापेमारी में आबकारी टीम का कहीं पता नहीं चलता।
जनता में चर्चा :
जनता में चर्चा है कि क्या आबकारी विभाग की इस निष्क्रियता के पीछे कोई सांठगांठ है या फिर विभाग के पास स्टाफ की कमी है? बहरहाल, पुलिस की सक्रियता के बावजूद आबकारी विभाग की उदासीनता के कारण कच्ची शराब का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा।

जागरुक नागरिकों की मांग : क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर से मांग की है कि आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली की जांच कराई जाए और काशीपुर में अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *