काशीपुर। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना से सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद के तीन नवंबर को प्रस्तावित कुमाऊं दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। दौरे के दौरान वह जसपुर, काशीपुर और बाजपुर विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर युवाओं को संबोधित करेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। पार्टी पदाधिकारियों ने इस दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में आजाद समाज पार्टी के उत्तराखंड प्रभारी डॉ अशोक सत्येंद्र ने प्रेसवार्ता कर बताया कि कुमाऊं मंडल के कार्यकर्ता और आम जनता पिछले दो वर्षों से राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद के दौरे की मांग कर रहे थे। अब प्रदेश अध्यक्ष लेखराज गौतम के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि दौरे को लेकर क्षेत्र की जनता और युवाओं में व्यापक उत्साह है और कार्यक्रम ऐतिहासिक साबित होगा। डॉ अशोक सत्येंद्र ने कहा कि एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद आज युवाओं के बीच लोकप्रिय चेहरा बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि देश में दलित समाज के कई सांसद होने के बावजूद दलितों और अल्पसंख्यकों के मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाने वालों में चंद्रशेखर आजाद प्रमुख हैं। इसी वजह से लोग उनसे मिलने और उनके विचार सुनने के लिए उत्साहित हैं। पार्टी पदाधिकारी गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करके उन्हें दौरे की जानकारी दे रहे हैं। इस अवसर पर आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लेखराज गौतम, जिलाध्यक्ष शाहनवाज अहमद, महानगर अध्यक्ष डॉ एमए राहुल सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
