November 21, 2026
Screenshot_2026-11-21-15-41-43-03

हल्द्वानी। पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती की अध्यक्षता में आज कैम्प कार्यालय, हल्द्वानी में कुमाऊँ परिक्षेत्र के समस्त जनपद प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में परिक्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित अभियोगों एवं विवेचनाओं की स्थिति, साइबर अपराध, नशा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई तथा पुलिस की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई।

आईजी कुमाऊँ ने विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा के लिए पूरी सक्रियता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

*2,516 वारंटियों को गिरफ्तार कर अपराधियों पर कसा शिकंजा*

अपराध नियंत्रण की दिशा में कुमाऊँ परिक्षेत्र पुलिस द्वारा वांछित एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2026 में अब तक परिक्षेत्र के सभी छह जनपदों में कुल 2,516 वारंटियों की गिरफ्तारी की गई है। इनमें ऊधमसिंहनगर में 1,583, नैनीताल में 537, पिथौरागढ़ में 206, चम्पावत में 89, अल्मोड़ा में 65 एवं बागेश्वर में 36 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है।

आईजी कुमाऊँ ने वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान को निरंतर जारी रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

*नशा तस्करों पर कुमाऊँ पुलिस का बड़ा प्रहार, 726 अभियुक्त गिरफ्तार*

मुख्यमंत्री के नशामुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से कुमाऊँ परिक्षेत्र पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। NDPS एक्ट के अंतर्गत वर्ष 2026 में अब तक पूरे कुमाऊँ परिक्षेत्र में 554 अभियोग पंजीकृत कर 726 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस द्वारा 67.59 किलोग्राम चरस, 9.652 किलोग्राम स्मैक, 1,239.747 किलोग्राम गांजा, 61,513 नशीली गोलियां/कैप्सूल, 2,455 नशीले इंजेक्शन, 71 नशीले सिरप एवं 0.232 किलोग्राम MDMA बरामद किया गया है।

आईजी कुमाऊँ ने नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त तस्करों एवं उनके नेटवर्क के विरुद्ध प्रभावी और निरंतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ-साथ तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया।

*नवीन आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं*

गोष्ठी में नवीन आपराधिक कानूनों एवं ICJS के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर आरोप पत्र एवं अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने, e-Sakshya के अधिकाधिक उपयोग, Zero FIR एवं e-Summon की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

साथ ही IIF-08, 09 एवं 10, Secure Malkhana Portal, NCRP, MRM, GRM, Samanvaya, CIAR, E-Zero FIR, Hotspot Analysis, CSEAM एवं Cyber Slavery जैसे महत्वपूर्ण पोर्टलों पर की जा रही कार्यवाहियों की समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

*साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, पीड़ितों को मिले त्वरित राहत*

साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए NCRP, Money Restoration Module (MRM) एवं Grievance Redressal Module (GRM) के माध्यम से पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने, साइबर ठगी की धनराशि को समय रहते फ्रीज कराने तथा पीड़ितों की धनराशि वापस दिलाने के लिए गंभीरता से प्रयास करने के निर्देश दिए गए।

*विधानसभा निर्वाचन-2027 की तैयारियां अभी से करें सुनिश्चित*

आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत सभी जनपद प्रभारियों को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करने, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील केंद्रों का चिन्हीकरण करने तथा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

चुनाव को प्रभावित करने वाले असामाजिक एवं अराजक तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने और शस्त्र लाइसेंस धारकों के शस्त्र समयबद्ध रूप से जमा कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया।

*शीतकालीन सीजन एवं विवाह समारोहों के दृष्टिगत विशेष सतर्कता*

आगामी शीतकालीन मौसम में चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए रात्रि गश्त, पिकेट ड्यूटी एवं पुलिस पेट्रोलिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को क्षेत्र की संवेदनशीलता के अनुरूप ब्रीफ करने तथा गश्त की नियमित मॉनिटरिंग करने पर विशेष जोर दिया गया।

विवाह समारोहों के सीजन को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन माननीय न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

*लंबित प्रकरणों एवं पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा*

आईजी कुमाऊँ ने थानों में लंबे समय से लंबित वाहनों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने, लंबित विवेचनाओं एवं जांच संबंधी प्रकरणों में तेजी लाने तथा पुलिस मुख्यालय एवं परिक्षेत्रीय कार्यालय से प्राप्त निर्देशों और पत्रों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लंबित ACR एवं अन्य विभागीय प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।

आईजी कुमाऊँ श्रीमती निवेदिता कुकरेती ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी जनपद प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी रणनीति के तहत कार्य करें। पुलिसिंग में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनसामान्य के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखते हुए प्रत्येक निर्धारित कार्यवाही की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।

गोष्ठी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर श्री अजय गणपति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा श्री चन्द्रशेखर घोडके, पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ श्री अक्षय प्रहलाद कोंडे, पुलिस अधीक्षक चम्पावत श्रीमती रेखा यादव सहित परिक्षेत्रीय कार्यालय के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *