काशीपुर। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (पूसा), नई दिल्ली द्वारा संचालित अनुसूचित जाति उपयोजना (SCSP) के अंतर्गत ग्राम पंचायत मालधन चौड़, ब्लॉक काशीपुर में ‘खेत बचाओ अभियान’ की पहल पर सूर्या फाउंडेशन के सहयोग से किसान संगोष्ठी एवं बीज तथा कृषि यंत्र वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आसपास की 8 ग्राम पंचायतों के लगभग 320 पुरुष एवं महिला किसानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक एवं SCSP योजना के नोडल अधिकारी डॉ. संदीप कुमार लाल ने की। इस अवसर पर पूसा संस्थान की ओर से डॉ. संदीप कुमार लाल, डॉ. रुचि बंसल, डॉ. रविश चौधरी एवं श्री सोमी जी उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. संदीप कुमार लाल ने किसानों को SCSP योजना के अंतर्गत मिलने वाले विभिन्न लाभों की जानकारी दी तथा अधिक से अधिक किसानों को इस योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने भारत सरकार की ‘खेत बचाओ अभियान’ पहल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए रासायनिक खादों, कीटनाशकों एवं उर्वरकों के असंतुलित उपयोग से मिट्टी की उर्वरता और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने, उसे स्वस्थ रखने तथा टिकाऊ एवं प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। उन्होंने किसानों को आगामी फरवरी माह में आयोजित होने वाले ‘पूसा विज्ञान मेला’ में सहभागिता के लिए आमंत्रित भी किया। इस अवसर पर वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. रुचि बंसल ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि SCSP योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति के किसानों को निःशुल्क मिट्टी परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, जिसके आधार पर उन्हें ‘मृदा स्वास्थ्य कार्ड’ प्रदान किया जाता है। उन्होंने किसानों को अपनी भूमि की मिट्टी की जांच करवाने के लिए प्रेरित किया, ताकि मिट्टी की वास्तविक स्थिति के अनुसार संतुलित पोषक तत्वों का उपयोग किया जा सके। साथ ही उन्होंने महिला किसानों को संस्थान में आयोजित होने वाले विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि कौशल विकास एवं उचित प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं सफल उद्यमी बनकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं। वहीं, डॉ. रविश चौधरी ने किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीजों के चयन एवं उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने बीज खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, प्रमाणिकता एवं विश्वसनीय स्रोत का ध्यान रखने, उचित बीज उपचार करने तथा बेहतर फसल उत्पादन के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से समझाया। कार्यक्रम के अंतर्गत उपस्थित सभी अनुसूचित जाति के महिला एवं पुरुष किसानों को कृषि कार्यों में सहयोग देने तथा उनकी उत्पादकता बढ़ाने के उद्देश्य से निःशुल्क गेहूं के बीज, अनाज भंडारण टंकी, दरांती, खुरपी, फावड़ा एवं वर्मी कंपोस्ट खाद का वितरण किया गया।इस आयोजन को सफल बनाने में सूर्या फाउंडेशन के गौतम नायक, सुनील, हिमांशु, भरत साह एवं अन्य सूर्या फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा। सभी ने कार्यक्रम के बेहतर प्रबंधन, समन्वय एवं संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह आयोजन किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, गुणवत्तापूर्ण बीजों के उपयोग एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। सूर्या फाउंडेशन ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी किसान भाई-बहनों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया, जिन्होंने अपनी सक्रिय सहभागिता से इस आयोजन को सफल बनाया। सूर्या फाउंडेशन का निरंतर प्रयास है कि किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों, उचित प्रशिक्षण एवं आवश्यक संसाधनों से जोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि विकास, महिला सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया जाए। भविष्य में भी इसी प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के आयोजन एवं किसानों के हित में सहयोग जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया गया।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
