काशीपुर। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर काशीपुर सीट पर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस खेमे में इस बार युवा और सिख चेहरे के रूप में लवदीप सिंह का नाम सबसे तेजी से उभर रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कांग्रेस इस बार काशीपुर से भाजपा के मजबूत सिख चेहरे को टक्कर देने के लिए किसी युवा सिख चेहरे पर दांव खेल सकती है, और उस समीकरण में लवदीप सिंह सबसे आगे दिखाई दे रहे हैं।लवदीप सिंह वर्तमान में उधम सिंह नगर जिला एनएसयूआई के अध्यक्ष हैं। इससे पहले वह प्रदेश सचिव किसान कांग्रेस, ब्लॉक अध्यक्ष किसान कांग्रेस और महानगर कांग्रेस कमेटी काशीपुर में सचिव की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। छात्र राजनीति से लेकर किसान संगठन तक के अनुभव के कारण उन्हें संगठन में जमीन से जुड़ा नेता माना जाता है। पिछले दिनों चांदपुर से प्रतापपुर तक गांव-गांव जनसंपर्क अभियान के बाद उनकी सक्रियता और बढ़ गई है। आपको बता दें कि काशीपुर विधानसभा क्षेत्र में सिख मतदाताओं की अच्छी-खासी मौजूदगी है। ऐसे में कांग्रेस इस बार परंपरागत चेहरों के बजाय युवा और नए चेहरे को मौका देने पर विचार कर सकती है। यह भी दीगर है कि काशीपुर सीट पर भाजपा लंबे समय से मजबूत स्थिति में रही है। पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा और उनके परिवार का इस सीट पर प्रभाव रहा है। भाजपा के वर्तमान विधायक त्रिलोक सिंह चीमा भी इसी राजनीतिक विरासत से जुड़े हैं। ऐसे में कांग्रेस को भाजपा के सामने एक ऐसा चेहरा चाहिए जो सिख समाज के साथ-साथ युवा और ग्रामीण मतदाताओं को भी जोड़ सके। लवदीप सिंह के समर्थकों का दावा है कि वह इसी समीकरण पर फिट बैठते हैं।
दूसरे दावेदारों में बेचैनी
काशीपुर कांग्रेस में टिकट को लेकर पहले से ही कई नेताओं की दावेदारी चर्चा में रही है। इनमें अनुपम शर्मा, मनोज जोशी एडवोकेट, अरुण चौहान और संदीप सहगल एडवोकेट जैसे नाम प्रमुखता से लिए जाते रहे हैं।
लवदीप सिंह के नाम की चर्चा से इन दावेदारों के समीकरण भी प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि लवदीप सिंह की दावेदारी से किसी नेता की स्थिति कमजोर हुई है। कांग्रेस की ओर से उनके नाम पर अभी कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।
क्या कहते हैं समर्थक?
समर्थकों का कहना है कि लवदीप सिंह ने संगठन को पीछे नहीं, बल्कि संगठन को साथ लेकर काम किया है। वह पिछले 25 साल से कांग्रेस की सत्ता की राह तलाश रहे काशीपुर में बदलाव के प्रतीक बन सकते हैं।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
