काशीपुर। कृषि भूमि पर अतिक्रमण और मारपीट के एक आरोपी पर केस दर्ज होने के बावजूद भी उक्त भूमि पर पहुंचकर मजदूरों से अभद्रता और काम रुकवाने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। रामनगर रोड निवासी जितेंद्र अरोरा पुत्र स्व. ओमप्रकाश अरोरा ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपकर बताया कि खड़कपुर देवीपुरा में उसकी पैतृक कृषि भूमि है, जिस पर दो लोगों ने जालसाजी व मिलीभगत कर अतिक्रमण का प्रयास किया था। पीड़ित ने कहा कि इस विवाद के चलते उनके पिता ओमप्रकाश को गहरा मानसिक आघात पहुंचा था और बीती 21 अप्रैल को उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने 22 अप्रैल को जितेंद्र चावला व वरुण कुमार शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। एसडीएम की मौजूदगी में प्रशासन ने भूमि की पैमाइश कराई। जांच में शिकायत सही पाई गई और अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया। आरोप है कि बीती 30 अप्रैल को जब पीड़ित हरिद्वार पिता की अस्थि विसर्जन के लिए गया था तब आरोपी पक्ष के लोगों ने खेत पर पहुंचकर मजदूरों के साथ अभद्रता और धमकी दी। सूचना पर आईटीआई कोतवाली से पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। जितेंद्र अरोरा ने बताया बीती 1 मई की दोपहर एक आरोपी अन्य व्यक्ति के साथ खेत पर पहुंचा और काम रुकवाने की धमकी दी। इस घटना की कुछ वीडियो क्लिप भी है। एसएसआई अरविंद बहुगुणा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
