काशीपुर। कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय सचिव एवं लोकसभा प्रत्याशी रहे प्रकाश जोशी ने पांच राज्यों में चुनाव समाप्त होते ही कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में हुई बढ़ोत्तरी को लेकर केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने की भी तैयारी है। जोशी ने कहा कि महंगाई से जनता त्रस्त है, जबकि सरकार शराब के शोरूम खोल रही है। कुंडेश्वरी रोड स्थित एक रिसॉर्ट में कार्यकर्ताओं की बैठक लेने से पूर्व मीडिया से मुखातिब जोशी ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। पर्वतीय क्षेत्रों में 950 स्कूल बंद हो गए हैं, जबकि चार हजार स्कूलों में दस से कम बच्चे पढ़ रहे हैं। 1400 स्कूलों में छात्र संख्या शून्य है। इसके बावजूद सरकार विज्ञापनों के माध्यम से अपनी उपलब्धियां गिना रही है। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में जोशी ने कहा कि कांग्रेस 2027 का चुनाव पूरी एकजुटता से लड़ेगी और जीत भी हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि पहाड़ के कई गांव आज भी सड़क से वंचित हैं। हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल की स्थिति खराब है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आंदोलित हैं, लेकिन सरकार उनकी सुनवाई नहीं कर रही है। आरोप लगाया कि परीक्षाएं होती हैं, लेकिन हर बार पेपर लीक हो जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाने का आहवान किया। भाजपा पर आरोप लगाते हुए कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव श्री जोशी ने कहा कि भाजपा ने समाज में दूरी बढ़ाई है। देवभूमि उत्तराखंड में लिव-इन रिलेशनशिप को मान्यता देना भाजपा का चेहरा उजागर करता है। राज्य गठन के लिए बलिदान देने वालों के सपने टूट चुके हैं। अंकिता भंडारी को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है और पहाड़ों से पलायन तेजी से बढ़ रहा है। इस दौरान एआईसीसी सदस्य एवं कांग्रेस प्रदेश महासचिव अनुपम शर्मा, महानगर अध्यक्ष अलका पाल, मुशर्रफ हुसैन, डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय, इंदुमान, उमा वात्सल्य, एडवोकेट मनोज जोशी, ब्रह्मा पाल, जितेन्द्र सरस्वती, सारिम सैफी, गौरव चौधरी, पार्षद अब्दुल कादिर, नौशाद हुसैन, राशिद फारूखी, सरफराज, रवि ढींगरा, मंसूर अली मंसूरी आदि भी थे।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
