काशीपुर। क्षेत्र में किन्नरों की बढ़ती वसूली और अराजकता से परेशान जनता के पक्ष में काशीपुर कल्याण मंच ने रविवार, 24 मई को सायं 6 बजे रामलीला प्रेक्षागृह में एक आम बैठक का आयोजन सुनिश्चित किया है। क्षेत्र भर में पिछले काफी समय से ये मामला चर्चा में है कि शादी, बच्चे के जन्म, गृह प्रवेश आदि अवसरों पर किन्नरों द्वारा 21 हजार रुपये से 1.25 लाख रुपये तक की मांग की जाती है। मांग पूरी न होने पर ये किन्नर हंगामा मचाते हुए न सिर्फ अभद्रता करते हैं, बल्कि बद्दुआ तक देने में हिचक महसूस नहीं करते। आरोप है कि यदि कोई व्यक्ति उनके यहां बधाई पहुंचा देता है तो भी इलाके के किन्नर उक्त व्यक्ति के घर पहुंच जाते हैं और मनमानी बधाई की मांग करते हैं। काशीपुर की आम जनता और समाजसेवी संगठनों की मांग है कि सरकार इस मामले में एसओपी जारी करे और बधाई की रकम तय हो। उल्लेखनीय है कि काशीपुर कल्याण मंच की ओर से रामलीला सभागार में पहले भी बैठक हो चुकी है। मेयर (भूतपूर्व) उषा चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लगभग दो दर्जन संगठनों के लोग जुटे थे। तय हुआ था कि भारी रकम के लिए दबाव का विरोध होगा और पुलिस-प्रशासन का सहयोग लिया जाएगा। लेकिन कोई नतीजा हासिल नहीं हुआ। अब रविवार को आयोजित बैठक में किन्नरों की वसूली रोकने पर चर्चा, नेग/बधाई की राशि फिक्स करने की मांग, पुलिस हेल्पलाइन 112 या CM हेल्पलाइन 1905 पर शिकायत दर्ज करने की अपील, बिना अनुमति घर में घुसने व शोर मचाने पर कार्रवाई की मांग उठना तय है। उधर, किन्नर पक्ष का कहना है कि नेग लेना परंपरा है और रोजी-रोटी का मामला है। बैठक में न बुलाने पर वे विरोध जता चुके हैं। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि काशीपुर के अलावा देहरादून में कांग्रेस भी इस मुद्दे पर नगर निगम में प्रदर्शन कर चुकी है। एक गांव में पंचायत ने तो रेट फिक्स का बोर्ड ही लगा दिया था अब देखना है कि रविवार को आयोजित काशीपुर कल्याण मंच की बैठक क्या रंग लाती है।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
