May 23, 2026
Screenshot_2026-05-23-16-41-02-49

काशीपुर। अलीगंज रोड स्थित जिंदल साउथ सिटी में अज्ञात चोर एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के सामान समेत घरेलू कीमती वस्तुएं चोरी कर ले गये। सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना कर सीसीटीवी फुटेज खंगाली।‌ साथ ही तहरीर के आधार पर जांच शुरू की है। एडीओ पंचायत से सेवानिवृत्त शिव प्रकाश सक्सेना पुत्र स्व. सुरेंद्र नाथ सक्सेना अलीगंज रोड स्थित जिंदल साउथ सिटी में रहते हैं। बीती 21 मई को वह अपनी बेटी के साथ महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन गए थे। आज सुबह करीब साढ़े सात बजे घर में काम करने वाली महिला पहुंची तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला तथा अंदर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलने पर शिव प्रकाश सक्सेना के छोटे भाई मौहल्ला लाहौरियान, काशीपुर निवासी पंकज सक्सेना मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा अपने बड़े भाई को घटना की जानकारी दी। शिव प्रकाश ने फोन पर बताया कि चोर घर से 10 ग्राम का सोने का सिक्का, करीब 250 ग्राम की चांदी की प्लेट, भगवान गणेश एवं माता लक्ष्मी की दो चांदी की मूर्तियों समेत अन्य कीमती घरेलू सामान चोरी कर ले गए हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब तीन से चार लाख रुपये बताई जा रही है। पंकज सक्सेना के अनुसार पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में बीती रात करीब 2:30 बजे दो संदिग्ध नकाबपोश घर में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया तथा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जानकारी जुटाई। पंकज सक्सेना द्वारा सौंपी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *