June 7, 2026
IMG-20260607-WA0108

काशीपुर। नगर में तीन मंदिरों में हुई चोरी का खुलासा करते हुए कोतवाली काशीपुर पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी समेत शातिर‌ चोर को गिरफ्तार कर मंदिरों से चोरी किया सामान, दान पात्र व नकदी बरामद की है। बीती 26 मई की रात्रि में स्टेडियम के समीप स्थित नागिन शक्ति मंदिर, 31 मई की रात्रि में मौहल्ला पक्काकोट स्थित श्री नागनाथ मंदिर व गंगे बाबा मंदिर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। इस संबंध में नागनाथ मंदिर के पुजारी गणेश नाथ महंत, गंगे बाबा मंदिर के संरक्षक राजेश शर्मा व नागिन शक्ति मंदिर के सचिव अभिषेक काम्बोज द्वारा कोतवाली काशीपुर में दी गई तहरीर के आधार पर धारा 305 (डी) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। मंदिरों में हुई लगातार चोरी की घटनाओं को गम्भीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधमसिंहनगर अजय गणपति द्वारा टीम का गठन कर अनावरण का निर्देश दिया गया था। इस पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर एसके सिंह व क्षेत्राधिकारी काशीपुर प्रशांत कुमार के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक काशीपुर हरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। मीडिया को जानकारी देते हुए सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि अनावरण हेतु गठित टीम द्वारा करीब 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के अतिरिक्त सर्विलांस/मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर शनिवार को शातिर चोर तालिब हुसैन को चोरी के माल व चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ नौगजा पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में तालिब ने उक्त चोरी अपने साथियों सन्नी व मोइन निवासी रामनगर के साथ करने तथा मंदिर से चोरी किया गया माल कबाड़ी जलीस निवासी गड्‌ढा कॉलोनी कचनालगाजी काशीपुर को बेचना बताया। इसके बाद शातिर चोर तालिब की निशानदेही पर कबाड़ी जलीस अहमद पुत्र शब्बीर अहमद निवासी कुमाऊं कॉलोनी कचनालगाजी, काशीपुर को मंदिर से चोरी किए सामान के साथ कबाड़ की दुकान से गिरफ्तार किया गया। दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि शातिर चोर तालिब हुसैन पुत्र इरफान अली निवासी रेलवे लाइन रेलवे पड़ाव रामनगर जिला नैनीताल वर्ष 2022 में थाना रामनगर से भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है, जिससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। तथा उसके खिलाफ पंजीकृत अन्य अभियोगों का भी पता लगाया जा रहा है। साथ ही वांछित अभियुक्त सन्नी पुत्र गोविंद सिंह निवासी रेलवे पड़ाव रामनगर, मोईन निवासी पूछड़ी रामनगर की तलाश जारी है। पुलिस टीम में हरेन्द्र चौधरी प्रभारी निरीक्षक काशीपुर, नवीन बुधानी एसएसआई काशीपुर, मीना रावत प्रभारी चौकी कटोराताल अपर उपनिरीक्षक प्रकाश बोरा कांस्टेबल दर्शन सिंह, गौरव सनवाल, महेन्द्र देवड़ी थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *