June 8, 2026
IMG-20260608-WA0213

काशीपुर। 16 करोड़ 81 लाख रुपए की लागत से बनने वाली जिस काशीपुर-रामनगर रोड का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दो दिन पूर्व वर्चुअल शिलान्यास किया था, आज सोमवार को उसका निर्माण आरंभ हो गया और महापौर दीपक बाली ने रामनगर रोड पर स्थित आरओबी के पास निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
उल्लेखनीय है कि काशीपुर-रामनगर रोड के खस्ता हाल होने से जनता को पिछले काफी समय से भारी परेशानी हो रही थी। आए दिन होती दुर्घटनाओं के चलते यह सड़क मीडिया की सुर्खियों में थी, क्योंकि महापौर श्री बाली का आवास भी इसी रोड पर है इसलिए वह खुद आए दिन जनता की इस समस्या से रूबरू हो रहे थे और लगातार इस सड़क के निर्माण के प्रयासों में लगे हुए थे। उन्होंने बार-बार फोन कर एनएच के अधिकारियों से इस सड़क के निर्माण का न सिर्फ एस्टीमेट बनवाकर भिजवाया बल्कि खुद मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस सड़क को जल्द से जल्द बनवाने का वे निरंतर अनुरोध करते रहे। आखिरकार महापौर दीपक बाली के प्रयास रंग लाए और 5 जून को मुख्यमंत्री ने काशीपुर से रामनगर तक की 28 किलोमीटर की इस सड़क को हॉट मिक्स से बनाए जाने का शिलान्यास कर दिया। उस समय लोगों ने सोचा भी नहीं था कि निर्माण कार्य इतनी जल्दी शुरू हो जाएगा लेकिन शिलान्यास के दो दिन बाद ही आज निर्माण कार्य भी शुरू हो गया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि एवं पार्षद विजय कुमार बॉबी, पार्षद दीपा पाठक तथा सड़क निर्माण कार्यदायी कंपनी के एसके चौहान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *