July 4, 2026
IMG_20260704_202153

काशीपुर। बरसात के मौसम में संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने तहसील प्रशासन ने क्षेत्र में आठ बाढ़ चौकियां स्थापित कर दी हैं। ये चौकियां 30 जून से अगले आदेशों तक 24 घंटे कार्य करेंगी। प्रत्येक चौकी से प्रतिदिन की स्थिति रिपोर्ट तहसील काशीपुर में स्थापित बाढ़ नियंत्रण कक्ष को भेजी जाएगी। तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया कि ढेला नदी, कोसी नदी और अर्जुन नाले के किनारे स्थित गांवों में बरसात के दौरान बाढ़ का खतरा बना रहता है। इसे देखते हुए राजस्व विभाग, पुलिस, पशुपालन विभाग, बिजली विभाग, रोजगार सेवकों और ग्राम प्रहरियों को चौकियों पर तैनात किया गया है। संबंधित क्षेत्र के लेखपाल को बाढ़ चौकी प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक चौकी पर एक रजिस्टर रखा जाएगा, जिसमें बाढ़ से संबंधित सभी घटनाएं, सूचनाएं और कार्रवाई दर्ज की जाएंगी। उच्चाधिकारियों के निरीक्षण के दौरान यह रजिस्टर उपलब्ध कराया जाएगा तथा निरीक्षणकर्ता अपनी टिप्पणी भी अंकित करेंगे। चौकी पर तैनात कर्मचारियों को मोबाइल फोन चालू रखने और लगातार उच्चाधिकारियों के संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं। स्थापित की गई बाढ़ चौकियों में मिस्सरवाला, ओझान
लक्ष्मीपुर पट्टी, मानपुर, दभौरा मुस्तहकम, ढकिया गुलाबो, ढकिया कला, गांधीनगर और किलावली शामिल हैं। इन चौकियों के माध्यम से बैलजूड़ी, लक्ष्मीपुर पट्टी, कचनाल गाजी, पट्टी हरु, दभौरा एहतमाली, ढकिया गुलाबो, रायपुर खुर्द, सरवरखेड़ा, जगन्नाथपुर, गुलड़िया, बांसखेड़ा खुर्द, ढकिया कला, गांधीनगर और किलावली समेत प्रभावित गांवों की
निगरानी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *