July 6, 2026
Screenshot_2026-07-06-19-33-37-81

काशीपुर। बाजपुर रोड पर रेलवे फ्लाईओवर के निर्माण के बाद रेलवे क्रॉसिंग का फाटक बंद किए जाने से उत्पन्न गंभीर जनसमस्या के समाधान हेतु प्रस्तावित अंडरपास का कार्य लंबे समय से रुका हुआ है। इस कारण काशीपुर की जनता को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे फाटक बंद होने के बाद काशीपुर नगर व्यावहारिक रूप से दो भागों में बंट गया है। बाजपुर रोड क्षेत्र में रहने वाले हजारों परिवारों को विद्यालय, अस्पताल, तहसील, न्यायालय, मुख्य बाजार एवं अन्य आवश्यक स्थानों तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे यातायात जाम की समस्या बढ़ने के साथ-साथ नगर के व्यापार एवं सामान्य जनजीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। काशीपुर की जनता के लंबे प्रयासों के बाद इस स्थान पर रेलवे अंडरपास स्वीकृत हुआ था तथा इसका निर्माण कार्य भी प्रारम्भ हो गया था। परन्तु रेलवे एवं राजस्व विभाग के अभिलेखों तथा नक्शों में आपसी मिलान न होने के कारण पिछले लगभग दो वर्षों से निर्माण कार्य रुका हुआ है। इस गंभीर जनसमस्या के शीघ्र समाधान के लिए काशीपुर डेवलपमेंट फोरम (KDF) ने जन-अभियान प्रारम्भ करते हुए महापौर दीपक बाली एवं विधायक त्रिलोक सिंह चीमा को ज्ञापन सौंपकर सहयोग की मांग की। इस अभियान को काशीपुर नगरवासियों का व्यापक समर्थन मिला और बड़ी संख्या में नागरिकों ने हस्ताक्षर कर अंडरपास निर्माण की बाधा को शीघ्र दूर करने की मांग की। इसी क्रम में काशीपुर डेवलपमेंट फोरम के प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी, काशीपुर को भी ज्ञापन सौंपकर रेलवे एवं राजस्व विभाग के बीच लंबित भूमि संबंधी तकनीकी समस्या के समाधान हेतु प्रशासनिक सहयोग का अनुरोध किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी ने समस्या की गंभीरता को स्वीकार करते हुए अवगत कराया कि संबंधित क्षेत्र के रेलवे एवं राजस्व विभाग के नक्शों में अंतर है। रेलवे का नक्शा वर्ष 1947 से पूर्व ब्रिटिश काल का है और उसका वर्तमान राजस्व अभिलेखों एवं नक्शे में विधिवत अमल-दरामद न होना इस प्रकरण की प्रमुख तकनीकी बाधा है।
काशीपुर डेवलपमेंट फोरम के अनुरोध पर उप जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि इस समस्या के समाधान के लिए शीघ्र ही सभी संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक आयोजित कराई जाएगी तथा आपसी समन्वय से कोई व्यावहारिक एवं विधिसम्मत समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। KDF अध्यक्ष राजीव घई ने कहा कि यह किसी एक संस्था अथवा व्यक्ति का विषय नहीं, बल्कि सम्पूर्ण काशीपुर की जनता से जुड़ी गंभीर समस्या है। अंडरपास का निर्माण पूरा होने से हजारों नागरिकों को प्रतिदिन की परेशानी से राहत मिलेगी, यातायात व्यवस्था में सुधार होगा तथा नगर की व्यापारिक गतिविधियों को भी लाभ मिलेगा।
काशीपुर डेवलपमेंट फोरम ने जन-हस्ताक्षर अभियान में बड़ी संख्या में समर्थन देने वाले सभी नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था इस महत्वपूर्ण जनहित विषय को समाधान तक पहुंचाने के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के साथ निरंतर प्रयास करती रहेगी। KDF ने उप जिलाधिकारी द्वारा समस्या को गंभीरता से सुनने, तकनीकी बाधा को स्वीकार करने तथा संबंधित विभागों की बैठक बुलाकर समाधान का प्रयास करने के आश्वासन का स्वागत किया है। काशीपुर डेवलपमेंट फोरम को विश्वास है कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, रेलवे एवं राजस्व विभाग के संयुक्त प्रयास से वर्षों से लंबित इस जनसमस्या का शीघ्र समाधान निकलेगा और अंडरपास निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *