टांडा (रामपुर)। दिल्ली से रामनगर स्थित कॉर्बेट नेशनल पार्क घूमने जा रहे निजी कंपनी के कर्मचारियों की कार शनिवार तड़के सड़क किनारे खड़े कैंटर में पीछे से घुस गई। हादसे में चार लोगों की जान चली गई। जान गंवाने वालों में अभिषेक अग्निहोत्री, कार्तिक और नीरज और शमशुद्दीन शामिल हैं। कमल, विशाल और जतिन गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रामपुर रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार सभी लोग दिल्ली के रहने वाले हैं और इंडियन शॉप कंप्यूटर कंपनी में कार्यरत हैं। कंपनी की ओर से निर्धारित लक्ष्य पूरा करने पर कर्मचारियों को कॉर्बेट नेशनल पार्क घूमने का पैकेज दिया गया था। इसी के तहत दो कारों में सवार होकर कुल 12 कर्मचारी दिल्ली से रामनगर के लिए रवाना हुए थे। एक कार में सात और दूसरी में पांच लोग सवार थे। साथी कर्मचारी अखिलेश ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार का हादसे से करीब एक किलोमीटर पहले टायर पंक्चर हो गया था। सभी लोग नीचे उतरे और टायर बदलकर दोबारा यात्रा शुरू की। इसी दौरान वह दुर्घटनाग्रस्त कार से उतरकर दूसरी कार में बैठ गए। दोनों कारें आगे बढ़ीं तो उनकी कार आगे निकल गई, जबकि दूसरी कार पीछे रह गई। अखिलेश ने बताया कि कुछ समय तक दूसरी कार नहीं पहुंची तो उन्होंने फोन कर जानकारी लेने की कोशिश की। तभी पता चला कि पीछे आ रही कार कोतवाली के पास मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़े कैंटर से टकरा गई है। सूचना मिलते ही उनकी कार में सवार सभी लोग तुरंत घटनास्थल की ओर लौटे। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने अभिषेक अग्निहोत्री (28), कार्तिक (32) और नीरज (31) को मृत घोषित कर दिया था। गंभीर रूप से घायल शमशुद्दीन की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं कमल, विशाल और जतिन का उपचार जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने चारों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
