July 16, 2026
Screenshot_2026-07-16-13-26-33-65

हल्द्वानी। हरेला पर्व के दिन तेज रफ्तार दूध के कैंटर ने एक पूर्व सैनिक को कुचल दिया। कैंटर उन्हें करीब 15 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा हल्द्वानी-लालकुआं नेशनल हाईवे-109 पर हल्दूचौड़ क्षेत्र में हुआ। मृतक की पहचान पेशकारपुर निवासी 77 वर्षीय हरीश चंदोला के रूप में हुई है, जो पूर्व सैनिक थे। वे रोज की तरह गुरूवार सुबह सड़क पार कर घर के लिए दूध लेकर लौट रहे थे। जानकारी के मुताबिक, गुरूवार सुबह हरीश चंदोला सड़क के दूसरी ओर से दूध लेकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे हल्दूचौड़ क्षेत्र में सांवरिया बैंक्वेट हॉल के सामने हाईवे पार करने लगे, हल्द्वानी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार दूध के कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर उन्हें करीब 15 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसे को अंजाम देने वाले दूध के कैंटर को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक हरीश चंदोला अपने पीछे एक बेटा और तीन बेटियां छोड़ गए हैं। परिजनों ने बताया कि करीब चार साल पहले उनकी एक बेटी की ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। अब परिवार के मुखिया की मौत से घर पर एक और बड़ा दुख टूट पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *