बाजपुर। सतर्कता (विजिलेंस) टीम ने गुरुवार को सिविल न्यायालय बाजपुर में कार्रवाई करते हुए दीवानी नाजिर शाखा में तैनात ओम बाबू नामक कर्मचारी को 3,500 रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता शाहिद पुत्र शाहिद, निवासी वार्ड नंबर-2, बाजपुर ने विजिलेंस से शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार, चेक बाउंस के एक मामले में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो चुका था। आरोप है कि केस समाप्त कराने की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर कर्मचारी ने 3,500 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान न्यायालय परिसर में कुछ अधिवक्ताओं ने विजिलेंस टीम से कार्रवाई की जानकारी मांगी। इस दौरान कहासुनी होने पर कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को शांत कराया। समाचार लिखे जाने तक विजिलेंस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की गई थी। आरोपी कर्मचारी से पूछताछ जारी है, जबकि पुलिस और प्रशासन न्यायालय परिसर में स्थिति सामान्य बनाए रखने में जुटे रहे।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
