July 21, 2026
Screenshot_2026-07-20-21-20-24-14

बाजपुर। पुलिस ने लगभग 34 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी का शत-प्रतिशत खुलासा तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और घटना में प्रयुक्त ऑटो भी बरामद कर लिया है। यह घटना 8 जुलाई की रात को हुई थी। बाजपुर निवासी ओमकार वर्मा ने 9 जुलाई को कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उनकी ‘ओम ज्वैलर्स’ नामक दुकान से अज्ञात चोर शटर और ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, सीसीटीवी का एनवीआर और टीवी चोरी कर ले गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर तत्काल विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक काशीपुर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान के नेतृत्व में गठित टीमों ने जांच शुरू की। टीमों ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, साथ ही मैनुअल सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों का भी इस्तेमाल किया। लगातार प्रयासों के बाद, 19 और 20 जुलाई की मध्यरात्रि को किशनपुर-मौलागढ़ बॉर्डर से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त ऑटो संख्या UK18TA-2192 भी बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने दुकान के सीसीटीवी कैमरों के तार काटने और शटर का ताला तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 82.74 ग्राम सोने के आभूषण, 10.666 किलोग्राम चांदी के आभूषण और 39 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजम पुत्र शकील अहमद, इस्लाम पुत्र सफी अहमद और करमरूद्दीन पुत्र सफी अहमद के रूप में हुई है। ये तीनों उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद के थाना स्वार क्षेत्र के निवासी हैं। मामले के सफल खुलासे पर एसएसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस के अनुसार आरोपी आजम के खिलाफ पहले से चोरी और गैंगस्टर एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि जनपद में चोरी, लूट और संगठित अपराध में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *