July 21, 2026
Screenshot_2026-07-17-06-44-10-98

काशीपुर। आईडीबीआई बैंक के एक खाते का उपयोग कथित रूप से साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के मामले में पुलिस ने कटोराताल चौकी प्रभारी एसआई मीना रावत की तहरीर पर खाताधारक लखविंदर सिंह निवासी कचनालगाजी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2) के तहत मुकदमा कायम कर जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार 20 जुलाई 2026 को साइबर सेल से एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज संदिग्ध चेक संबंधी सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद एसआई मीना रावत ने आईडीबीआई बैंक पहुंचकर खाते की जांच कराई। बैंक रिकॉर्ड में सामने आया कि संबंधित खाता लखविंदर सिंह के नाम संचालित है। जांच में पता चला कि 25 फरवरी 2026 को इसी खाते से चेक के माध्यम से निकाली गई 4.50 लाख रुपये की रकम स्वयं खाताधारक ने प्राप्त की थी। जांच के दौरान खाते में 13,418 रुपये की विवादित राशि दर्ज मिली। वहीं 6 नवंबर 2025 को 10 हजार रुपये के संदिग्ध लेनदेन की शिकायत भी एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज है। फिलहाल खाते में 9,955 रुपये होल्ड हैं, जबकि 10 हजार रुपये लोन के रूप में सुरक्षित रखे गए हैं। पुलिस ने पिछले छह माह के बैंक लेनदेन का विवरण खंगाला तो खाते में लाखों रुपये का आवागमन मिला। इसके अलावा साइबर पुलिस स्टेशन वेस्ट, दिल्ली और समर्थ पुलिस स्टेशन, पुणे (महाराष्ट्र) में भी इस खाते से संबंधित शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया खाता साइबर ठगी की धनराशि प्राप्त करने के लिए इस्तेमाल किया गया प्रतीत होता है। मामले की विवेचना एसआई गिरीश चंद्र आर्य को सौंपी गई है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *