August 10, 2026
Screenshot_2026-08-10-14-44-52-51

रुद्रपुर। काशीपुर फ्लाईओवर के पास स्कूटी सवार दो युवकों पर रॉड से हमला करने के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से वाल्मीकि समाज के लोगों का आक्रोश आज बढ़ गया। रुद्रपुर के साथ ही दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे समाज के लोग नगर निगम परिसर में एकजुट हुए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। गांधी कॉलोनी निवासी अभिषेक वाल्मीकि और उसके दोस्त जतिन पर हमले के आरोप में पुलिस ने भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ, उसके भाई सन्नी समेत करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते स्कूटी में टक्कर मारने के बाद दोनों युवकों पर रॉड से हमला किया गया। घटना में दोनों घायल हुए थे। धरने में शामिल लोगों ने कहा कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से समाज में रोष है। उन्होंने पुलिस से नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक समाज के लोग एकजुट होकर संघर्ष करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *