August 20, 2026
IMG-20260820-WA0039

काशीपुर। अन्तर्राष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में आगामी 23 अगस्त को नई दिल्ली में एक भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर देशभर से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विशिष्ट प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा। संगठन के सचिव (सांस्कृतिक) विवेक स्वामी द्वारा कांग्रेस अनुसुचित जाति जन जाति विभाग उत्तराखंड के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष काशीपुर निवासी जयसिंह गौतम को भी इस हेतु आमंत्रण-पत्र भेजा गया है।‌ प्रेस को जारी विज्ञप्ति में जय सिंह गौतम ने बताया कि मंच के संयोजक एवं नेपाल के प्रथम उपराष्ट्रपति न्यायमूर्ति परमानन्द झा के विशिष्ट सलाहकार डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा के मुताबिक इस कार्यक्रम हेतु देशभर से 85 प्रतिभाओं का चयन किया गया है, जिसमें उनका चयन मंच की चयन समिति द्वारा उनके सामाजिक योगदान, सेवाभावी कार्यों एवं जनहित में किए गए उल्लेखनीय प्रयासों के आधार पर किया गया है।

दि इंडियन सोसाइटी ऑफ इंटरनेशनल, लॉ 9, भगवान दास रोड, सर्वोच्च न्यायालय C गेट के सामने, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों द्वारा उन्हें “राजीव गांधी गौरव अवार्ड” से सम्मानित किया जाएगा। जयसिंह गौतम ने बताया कि समारोह में “25 राष्ट्रों के राष्ट्रीय ध्वजों” की उपस्थिति के साथ वैश्विक समरसता, सांस्कृतिक सहयोग एवं मानवीय मूल्यों को समर्पित विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। समारोह के दौरान श्री गौतम  भारत की शक्ति, प्रतिष्ठा, सांस्कृतिक मूल्यों एवं पंचशील के सिद्धांतों पर अपने विचार भी व्यक्त करेंगे। श्री गौतम के चयन पर उनके शुभचिंतकों, सहयोगियों एवं मित्रों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उधर, मंच की ओर से यह भी जानकारी दी गई है कि आगामी दिसम्बर माह में नेपाल की राजधानी काठमाण्डू में आयोजित प्रस्तावित अन्तर्राष्ट्रीय समारोह में भी जयसिंह गौतम को आमंत्रित किया जाएगा। “अन्तर्राष्ट्रीय समरसता मंच” का आभार व्यक्त करते हुए जयसिंह गौतम ने बताया कि इस आयोजन को लेकर वे अतिउत्साहित हैं। उन्होंने अपने शुभचिंतकों का भी आभार जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *