September 6, 2026
Screenshot_2026-09-06-18-33-59-02

हल्द्वानी। म्यूल बैंक खातों के जरिये साइबर ठगी की रकम का लेनदेन करने वाले अंतर्राष्ट्रीय गिरोह का नैनीताल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मुखानी क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया। दो किशोरों को भी संरक्षण में लिया गया है। गिरोह के तार मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से जुड़े मिले हैं। कार्रवाई पांच-छह सितंबर की रात की गई। एसएसपी डा. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी क्राइम डा. जगदीश चंद्र और एसपी सिटी मनोज कत्याल के पर्यवेक्षण में मुखानी थाना पुलिस, एसओजी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम को मुखानी क्षेत्र में साइबर गिरोह के सक्रिय होने की सटीक सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य क्रिप्टोकरेंसी और अवैध लेनदेन के लिए म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल कर रहे थे। मुख्य आरोपी राहुल यादव बाइनेंस के जरिये नकद रुपये देकर यूएसडीटी खरीदता था। इसके बाद अनधिकृत यूएमएएसटीईआर ऐप के माध्यम से यूएसडीटी को आगे बेचा जाता था। गिरोह स्थानीय युवाओं को कमीशन का लालच देता था। उनके बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक और पासबुक हासिल कर लिए जाते थे। इन खातों में साइबर ठगी की रकम पहुंचाई जाती थी। बाद में एटीएम और सीडीएम के जरिये रकम निकालकर दूसरे खातों में भेजी जाती थी। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 1.18 लाख रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा एक डेल लैपटाप, एक एपल आइपैड और आइफोन 17 प्रो, आइफोन 14 प्रो, सैमसंग गैलेक्सी एस24 और एस22 अल्ट्रा समेत कई मोबाइल फोन मिले। 24 बैंकों के एटीएम व डेबिट कार्ड, 12 सिम कार्ड, छह चेकबुक, चार पासबुक और 16 बैंक जमा पर्चियां भी बरामद हुई हैं। मामले में मुखानी थाने में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(सी), 66(डी) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5), 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपितों के आपराधिक इतिहास और गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है। दो अन्य वांछित आरोपितों की तलाश भी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश यादव, हर्षित कुमार, कमल गोस्वामी, साहिल कुमार, मोहम्मद अयान और मोहम्मद शुमान शामिल हैं। मामले में मुख्य सरगना राहुल यादव को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने टीम को 2500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *