October 6, 2026
IMG-20261006-WA0130

काशीपुर। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक शिकायत के आधार पर आज रामनगर रोड स्थित एक स्किन सेंटर पर छापामार कार्रवाई की। समाचार लिखे जाने तक कार्रवाई जारी है। रामनगर रोड पर एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय के सामने हीरो एजेंसी के समीप डॉ. पुनीत सरना का स्किन सेंटर है। एक शिकायत के आधार पर जनपद ऊधमसिंहनगर के एसीएमओ डॉ. हरीश पांडे तथा गोपाल आर्य आज दोपहर स्किन सेंटर पर पहुंचे और सेंटर से संबंधित दस्तावेजों एवं व्यवस्थाओं की जांच शुरू की। इससे मौजूद मरीज हैरत में पड़ गए। जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता ने स्वास्थ्य विभाग व अन्य उच्चाधिकारियों को दिए प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया है कि संबंधित क्लीनिक में चिकित्सा प्रैक्टिस, मशीनों के संचालन, क्लीनिक रजिस्ट्रेशन तथा अन्य आवश्यक अनुमतियों को लेकर नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। शिकायत में क्लीनिक की व्यवस्थाओं, अग्निशमन सुरक्षा, सीवर ट्रीटमेंट एवं अन्य मानकों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि क्लीनिक का संचालन ऐसी स्थिति में किया जा रहा है, जिसमें आवश्यक वैधानिक अनुमति और पंजीकरण की स्थिति स्पष्ट नहीं है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से क्लीनिक की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की थी। इन्हीं शिकायतों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आज कार्रवाई की, जो कि समाचार लिखे जाने तक जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *