काशीपुर। आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार दोपहर काशीपुर पहुंचे। यहां पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार खैरमखदम करते हुए उन्हें फूल-मालाएं पहनाईं और उनके समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान मीडिया से मुखातिब हुए चंद्रशेखर आजाद ने किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी, औद्योगिक इकाइयों के पलायन और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर
अपनी बात रखी। आजाद ने काशीपुर को संतों और गुरुओं की पावन धरती बताते हुए कहा कि वह इस भूमि को नमन करने आए हैं। यहां की जनता का आशीर्वाद लेने के साथ ही वे जनसमस्याएं भी सुनेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बुनियादी मुद्दों को जनता और मीडिया के माध्यम से सरकार
तक पहुंचाया जाएगा, ताकि जनसमस्याओं का समाधान हो सके। किसानों की समस्याओं पर सरकार को घेरते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि 20-25 दिन पहले हुई बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक उन्हें अपेक्षित राहत नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि किसानों से वादे करने के बजाय उनकी फसल के नुकसान का आंकलन कर उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए। औद्योगिक क्षेत्र और रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बेरोजगारी देश की गंभीर समस्याओं में शामिल है। काशीपुर का उदाहरण देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में स्थापित कई कंपनियों और फैक्ट्रियों ने सरकारी सब्सिडी का लाभ तो लिया, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के अभाव में धीरे-धीरे यहां से पलायन कर गईं। इसके चलते औद्योगिक इकाइयां खाली पड़ी हैं और स्थानीय युवाओं के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था जैसे बुनियादी विषयों पर भी गंभीरता से काम करने की जरूरत है। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने
कहा कि काशीपुर प्रवास के दौरान
वह पार्टी के वरिष्ठ और समर्पित
कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाएंगे। इसके अलावा शाम को पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी जनसमस्याओं को लेकर जनता के बीच जाएगी और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास करेगी। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष लेखराज गौतम, जिला प्रभारी अमंत पाल, जिला अध्यक्ष शाहनवाज अहमद, महानगर अध्यक्ष डॉ. एमए राहुल, शाहिद हुसैन मंसूरी, मदन नेगी, ठाकुर सिंह, मोहित जाटव आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
