November 17, 2026
IMG_20261117_131059

मुरादाबाद। नामी कंपनियों की पैकिंग में नकली दवाइयां बेचने वाले सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। उत्तराखंड, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में दवाइयां तैयार कराकर दिल्ली में उनकी पैकिंग की जाती थी। औषधि विभाग की जांच में सैंपल नकली मिलने पर दवा कारोबारी अमित कुमार समेत तीन लोगों पर नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। औषधि निरीक्षक उमेश कुमार भारती ने सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि अमरोहा की औषधि निरीक्षक रुचि बंसल ने चौधरपुर मनौटा रोड स्थित इस्माइल मार्केट के आरबी मेडिकल स्टोर से दवाइयों के नमूने लिए थे। जांच में यह नमूने नकली पाए गए। इसके बाद तीन अगस्त 2026 को औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर के प्रोपराइटर मोहम्मद आमिर से पूछताछ की थी। आमिर ने बताया कि उसने 11 जून 2026 को पाकबड़ा स्थित जेडआर मेडिकल स्टोर से बिल के आधार पर ये दवाइयां खरीदी थीं। जेडआर मेडिकल स्टोर संचालक से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि दवाइयां पीएसी रोड स्थित पूनम विहार की अरीब फार्मास्युटिकल फर्म से खरीदी थीं। इस फर्म में नवीन नगर निवासी अमित कुमार पार्टनर है। इसके बाद औषधि विभाग की टीम ने अमित कुमार से पूछताछ की। उसने बताया कि दवाइयां उसने अमरोहा के धनौरा रोड स्थित हादीपुर की अरीब फार्मास्युटिकल फर्म से 27 अगस्त 2025 को खरीदी थीं। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि औषधि निरीक्षक उमेश कुमार भारती की ओर से अमित कुमार, आसिफ, वासिफ और कुछ अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 1122, 276, 277, 318(3), 336(3), 340(3), 61(3) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

खरीद का बिल नहीं दिखा सके, बिना बिल खरीदने का आरोप
औषधि विभाग की टीम ने इसके बाद अमरोहा पहुंचकर संबंधित फर्म से दवाइयों के बैच और खरीद-फरोख्त के अभिलेख मांगे। आरोप है कि संबंधित दवाइयों की खरीद का कोई बिल नहीं दिखाया जा सका। औषधि निरीक्षक का दावा है कि इससे स्पष्ट हुआ कि अमित कुमार ने अपनी दूसरी फर्मों के माध्यम से नकली दवाइयों का भंडारण किया और उन्हें मेडिकल स्टोरों के जरिये बाजार में बिकवाया। जांच में यह भी सामने आया कि अमित ने आसिफ नाम के व्यक्ति से बिना बिल के दवाइयां खरीदी थीं।

चंडीगढ़, बद्दी और काशीपुर में बनती थीं दवाइयां, दिल्ली में होती थी पैकिंग
औषधि निरीक्षक उमेश कुमार भारती ने सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट के अनुसार पूछताछ में अमित ने बताया कि आसिफ चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश के बद्दी और सोलन तथा उत्तराखंड के काशीपुर में टैबलेट और कैप्सूल तैयार कराता था। इसके बाद इन दवाइयों को दिल्ली ले जाकर उनकी रीपैकिंग कराई जाती थी। आरोप है कि नामी कंपनियों के नाम और पैकिंग का इस्तेमाल कर इन्हें असली दवाइयों की तरह बाजार में उतारा जाता था। अमित के मेडिकल स्टोर और एजेंसियों के माध्यम से इनकी बिक्री की जाती थी। खास बात यह है कि दवाइयों की सप्लाई में बिल का इस्तेमाल नहीं किया जाता था। इससे पूरे नेटवर्क के कारोबार और उसकी सप्लाई चेन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

आसिफ ने बंद किया मोबाइल, भाई के फोन में मिले वीडियो
अमित से पूछताछ के बाद औषधि विभाग की टीम ने आसिफ से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद टीम उसके घर पहुंची। वहां आसिफ का भाई वासिफ मिला। उसने बताया कि आसिफ यहां नहीं रहता और कहीं बाहर रहता है। औषधि निरीक्षक के मुताबिक, वासिफ के मोबाइल फोन की जांच में कुछ वीडियो मिले हैं। इनमें आसिफ और वासिफ के बीच दवाइयों के कारोबार को लेकर बातचीत होती दिखाई दे रही है। विभाग इन वीडियो और अन्य साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बना रहा है।

एक नाम से अलग-अलग शहरों में आठ फर्म खोलने का दावा
औषधि निरीक्षक ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि अमित कुमार ने एक ही नाम से अलग-अलग शहरों में आठ फर्म खोल रखी थीं। आरोप है कि वर्ष 2025 में तैयार कराई गई नकली दवाइयों को भी बाजार में बेचा जा चुका है। इससे आशंका जताई जा रही है कि नकली दवाइयों की सप्लाई लंबे समय से की जा रही थी। औषधि निरीक्षक का दावा है कि पूछताछ में अमित ने बताया कि वह और उसका साथी आसिफ पहले भी नकली दवाइयों के कारोबार में जेल जा चुके हैं। उनका कहना है कि इस तरह की नकली दवाइयां लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा हैं। इनके सेवन से बीमारी बढ़ सकती है और मरीज की जान तक जा सकती है। खासकर गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए ऐसी दवाइयां जानलेवा साबित हो सकती हैं।

कारोबारी की पत्नी ने औषधि निरीक्षक पर लगाए मारपीट के आरोप
दवा कारोबारी अमित कुमार की पत्नी रीना रानी ने भी मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 12 नवंबर की रात करीब दस बजे औषधि निरीक्षक उमेश कुमार भारती अपनी टीम के साथ उनके घर पहुंचे और पति के बारे में पूछताछ की। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर और अन्य सामान भी टीम अपने कब्जे में लेकर चली गई। पत्नी ने पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *