हल्द्वानी। कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने शनिवार को कैम्प कार्यालय में जनसुनवाई कर आम जनता की भूमि विवाद, एमएसएमई के तहत सब्सिडी नहीं मिलने, बकाया भुगतान, पैतृक संपत्ति में हिस्सा दिलाने और प्लॉट पर कब्जा दिलाने सहित विभिन्न समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में उन्होंने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। भूमि विवाद से जुड़ी छोटी-छोटी समस्याओं के उच्चाधिकारियों तक पहुंचने पर आयुक्त दीपक रावत ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों का समाधान उपजिलाधिकारी और तहसील स्तर पर ही हो जाना चाहिए। आम जनता को छोटी समस्याओं के लिए उच्च अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ें, यह उचित नहीं है। उन्होंने मंडल के सभी उपजिलाधिकारियों और तहसील अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों का निस्तारण तहसील स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। इधर, जनसुनवाई के दौरान काशीपुर निवासी बृजेश कुमार ने आयुक्त श्री रावत को बताया कि उन्होंने काशीपुर में नौ लाख रुपये में एक प्लाट खरीदा था। रजिस्ट्री और दाखिल खारिज भी करा लिया गया था। बताया कि भू-स्वामी शमशेर सिंह ने जिस खाते से उन्हें जमीन बेची थी उसमें जमीन थी ही नहीं। आयुक्त ने भू स्वामी को एक सप्ताह के भीतर अन्यत्र भूमि उपलब्ध कराने अथवा 9 लाख रुपये वापस देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित लेखपाल के खिलाफ भी कार्यवाही के निर्देश दिए।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
