November 23, 2026
Screenshot_2026-11-22-08-53-52-32

काशीपुर। श्रीमती कमला डावर (पत्नी स्व. कस्तूरी लाल डावर) का शनिवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनकी अंतिम यात्रा आज रविवार दोपहर 12 बजे उनके निवास स्थान रॉयल सिटी विला नंबर 9 जसपुर खुर्द से काशीपुर श्मशान घाट को प्रस्थान करेगी। ब्रह्मलीन श्रीमती कमला डावर के परिजनों ने उनके मरणोपरांत नेत्रदान की सहमति देकर प्रेरणादायी कार्य किया है। स्वर्गीय श्रीमती कमला डावर के पुत्रगणों मंजीत डावर, भोलानाथ डावर, चंद्रमोहन डावर, राजीव डावर, प्रकाश डावर व डॉ. पंकज डावर ने इस पुनीत कार्य के लिए सहमति प्रदान की। परिवार के इस संवेदनशील निर्णय से दो लोगों को दृष्टि मिल सकेगी। साथ ही समाज को यह संदेश मिला है कि दिवंगत प्रियजन की स्मृति को नेत्रदान जैसी सेवा के माध्यम से अमर किया जा सकता है। वसुधैव कुटुम्बकम् काशीपुर के सेवा अभियान में 66वाँ नेत्रदान संपन्न होने पर संस्था के पदाधिकारियों ने नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि समय पर मिली सही जानकारी और परिवार की सहमति किसी जरूरतमंद के लिए नई उम्मीद बन सकती है। ऐसे कार्यों में समाज के प्रत्येक जागरूक व्यक्ति का सहयोग महत्त्वपूर्ण है।
संस्था का प्रयास नेत्रदान संपन्न कराने के साथ-साथ, नेत्रदान के प्रति लोगों की भ्रांतियाँ दूर करना भी है। संस्था के पदाधिकारियों ने डावर परिवार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि दुःख के कठिन क्षणों में लिया गया उनका निर्णय समाज के लिए प्रेरणा है। किन्हीं अनजान व्यक्ति के जीवन में उजाला लाने की यह करुणामई सेवा भावना के प्रति परिवार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। वसुधैव कुटुम्बकम् काशीपुर ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि वे नेत्रदान के विषय में अपने परिवार में खुलकर चर्चा करें, और परिचितों को भी जागरूक बनाएँ। मरणोपरांत नेत्रदान के संबंध में जानकारी एवं सहायता के लिए संस्था की टीम से कभी भी संपर्क किया जा सकता है।
नेत्रदान सहायता—24×7
9837080678 | 9548799947

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *