मुरादाबाद। नामचीन शराब कारोबारी रहे हरभजन सिंह चड्ढा की पत्नी जसप्रीत कौर, बेटे गुरजीत सिंह चड्ढा, पोते हरवीर सिंह चड्ढा और पोते की पत्नी तमन्ना चड्ढा समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप में सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई कोतवाली के बुध बाजार कृष्णा कॉलोनी निवासी गोपाल मिश्रा की तहरीर पर की है। शिकायत में उन्होंने पार्टनरशिप डीड खत्म होने के बावजूद फर्म में करोड़ों की हेराफेरी करने का आरोप लगाया है। केस दर्ज कराते हुए गोपाल मिश्रा ने बताया कि 13 जुलाई 2010 को उन्होंने हरभजन सिंह चड्ढा और उनके पोते हरवीर सिंह चड्डा के साथ पार्टनरशिप डीड के जरिये मेसर्स चड्ढा डेवलपर्स नाम से एक फर्म बनाई थी, जिसमें हरभजन सिंह चड्ढा और उनके पोते हरवीर सिंह चड्ढा 37.5-37.5 फीसदी और गोपाल मिश्रा 25 फीसदी के पार्टनर बने थे। पार्टनरशिप डीड में यह भी तय हुआ था कि किसी भी पार्टनर की माैत होने पर हो जाती है तो यह पार्टनरशिप डीड खुद ही कैंसिल हो जाएगी। गोपाल मिश्रा ने बताया कि हरभजन सिंह चड्ढा की 22 दिसंबर 2020 को माैत हो गई। उन्होंने हरवीर सिंह से मिलकर पुरानी फर्म की जगह नई फर्म गठित करने को कहा लेकिन हरवीर सिंह चड्ढा टालमटोल करते रहे। इसके बाद उन्होंने हरवीर सिंह चड्ढा के पिता गुरजीत सिंह चड्ढा से भी संपर्क किया, लेकिन उन्होंने भी ध्यान नहीं दिया। आरोप लगाया कि पार्टनरशिप वाली फर्म की संपत्तियां हड़पने के मकसद से बिना उनकी सहमति के हरवीर सिंह चड्ढा ने अपनी दादी जसप्रीत कौर, पिता गुरजीत सिंह चड्ढा के साथ मिलकर नई फर्म बना ली। उसमें पुरानी फर्म का पैन कार्ड भी लगा दिया और प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक गांधीनगर ब्रांच में नया अकाउंट खोल लिया। इसके बाद पार्टनरशिप फर्म मेसर्स चड्ढा डेवलपर्स में 16 अप्रैल 2018 के पहले किए गए विक्रय अनुबंध से करीब 1.91 करोड़ रुपये जो पुरानी फर्म के बैंक ऑफ इंडिया के रामपुर ब्रांच के खाते में दिए गए थे, उसे आरोपियों ने अपनी नई फर्म मेसर्स चड्ढा डेवलपर्स के नए बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर लिए। फर्जी तरीके से नई फर्म से 16 अप्रैल 2018 को हुए विक्रय अनुबंध को निरस्त कराए बगैर हरवीर सिंह चड्ढा को रजिस्ट्री कर दिया। इसके अलावा 28 अप्रैल 2025 को हरवीर सिंह चड्ढा ने सरोज सिनेमा के नाम से जो संपत्ति पुरानी फर्म मेसर्स चड्ढा डेवलपर्स में रजिस्टर्ड थी, जिसमें गोपाल मिश्रा का 25 फीसदी हिस्सा था, उसका कुछ हिस्सा हरवीर सिंह चड्ढा ने अपनी पत्नी तमन्ना चड्ढा के नाम से बैनामा कर दिया। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
