काशीपुर। शारदीय नवरात्र के अवसर पर पांच दशक से निकाली जा रही उत्तर भारत की प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक मां मनसा देवी जी की शोभायात्रा आज 53वें वार्षिकोत्सव के रूप में नगर के मौहल्ला लाहौरियान स्थित मां मनसा देवी मंदिर प्रांगण से अत्यंत धूमधाम से निकाली जाएगी। इससे पूर्व प्रतिवर्ष की भांति मंदिर में हवन पूजन इत्यादि विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान पं. राघवेन्द्र नागर द्वारा संपन्न कराये जा रहे हैं। सुबह रिमझिम बारिश के बीच आरंभ हुई मुख्य पूजा में श्रीमती रीता सेठ-श्री संजीव सेठ एवं श्रीमती रेनु कौशिक-श्री शीतल कौशिक ने प्रतिभाग किया। तदुपरांत श्री गणेश पूजन आरंभ हुआ जिसमें श्रीमती मनीषा अरोरा-श्री राकेश अरोरा एवं श्रीमती दीप्ति अग्रवाल -श्री सौरभ अग्रवाल ने विधिवत पूजा अर्चना की। श्री गणेश पूजन के पश्चात मूर्ति पूजन श्रीमती ममता मेहरोत्रा-श्री राम मेहरोत्रा (पीसीयू चेयरमैन) एवं श्रीमती सुरभि चौहान-श्री ठाकुर अजय प्रताप सिंह के द्वारा किया जाएगा। ज्योति प्रज्ज्वलन दोपहर 2 बजे हिमांशु अरोरा करेंगे, जबकि सायं 4 बजे माता का डोला पूजन बतौर मुख्य अतिथि नगर निगम महापौर दीपक बाली द्वारा किये जाने के उपरांत विशाल एवं भव्य शोभायात्रा आरंभ होगी, जिसमें स्थानीय कलाकारों के साथ ही दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान आदि विभिन्न प्रदेशों के विभिन्न शहरों के कलाकारों द्वारा स्वचलित व हस्तनिर्मित झांकियां, नृत्य झांकियां व अखाड़ा आदि श्रृद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगे। इसके अलावा स्थानीय व बाहर से आ रहे बैंड-बाजे भी शोभायात्रा को खास बनाएंगे। मां मनसा देवी मंदिर/शिव मंदिर समिति के तत्वावधान में निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर भक्तों में उत्साह नजर आ रहा है। मंदिर समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ ही मां मनसा देवी यूथ क्लब एवं माता के सेवकगण ने इस भव्य शोभायात्रा में भारी संख्या में सहभागिता निभाने का आह्वान श्रृद्धालु जनों से किया है। उल्लेखनीय है कि मां मनसा देवी मंदिर प्रांगण से निकलने वाली शोभायात्रा गंगे बाबा मंदिर चौक, किला तिराहा, पुरानी सब्जी मंडी, मुख्य बाजार, नगर निगम रोड व एमपी चौक से होते हुए चीमा चौराहा की ओर जाएगी। चीमा चौराहा पहुंचने पर मां मनसा देवी का डोला मां चामुंडा देवी मंदिर जाएगा, जबकि शोभायात्रा में शामिल झांकियां कटोराताल रोड से माता मंदिर रोड और रतन रोड से मुल्तानी मोड़ होते हुए मंदिर की ओर जाएंगी। इधर, मां चामुंडा देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात माता का डोला पुनः शोभायात्रा में शामिल होकर मौहल्ला लाहौरियान स्थित मंदिर में पहुंचेगा, जहां आरती के उपरांत शोभायात्रा का विधिवत समापन किया जाएगा। शोभायात्रा को लेकर सुरक्षात्मक दृष्टि से पुलिस व प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
