काशीपुर। रामनगर रेल खंड स्थित फाटक संख्या 39बी (प्रिया मॉल के समीप) पर स्वीकृत अंडरपास निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पुनः प्रारम्भ करवाने हेतु काशीपुर डेवलपमेंट फोरम (केडीएफ) अध्यक्ष राजीव घई द्वारा जिलाधिकारी उधमसिंहनगर को पत्र प्रेषित किया गया है। कि काशीपुर–रामनगर रेल खंड के अंतर्गत फाटक संख्या 39बी (प्रिया मॉल के समीप) पर प्रस्तावित अंडरपास का निर्माण कार्य केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत किया जा चुका है तथा रेलवे विभाग द्वारा टेंडर स्वीकृत कर कार्य प्रारम्भ भी कर दिया गया था, किन्तु वर्तमान में यह महत्वपूर्ण कार्य इस कारण से अवरुद्ध हो गया है कि प्रिया मॉल के सामने स्थित भूमि, जिसे रेलवे विभाग द्वारा अपनी भूमि के रूप में दर्शाया गया था, राजस्व अभिलेखों में बंजर भूमि अंकित है तथा उस पर अन्य पक्ष द्वारा कब्जा प्रदर्शित किया गया है। भूमि संबंधी इस विवाद के कारण निर्माण कार्य रोक दिया गया है। उक्त अंडरपास का निर्माण काशीपुर नगर की यातायात व्यवस्था के लिए अत्यंत आवश्यक है। रेलवे फाटक बंद होने पर क्षेत्र में भारी जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे आमजन, स्कूली बच्चों, व्यापारियों एवं आपातकालीन सेवाओं को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ता है। अंडरपास निर्माण से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी। जिलाधिकारी से श्री घई ने अनुरोध किया कि संबंधित विभागों के मध्य समन्वय स्थापित कर रेलवे भूमि का शीघ्र सीमांकन एवं विवाद निस्तारण करवाते हुए अंडरपास निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पुनः प्रारम्भ करवाया जाए, ताकि नगरवासियों को शीघ्र राहत मिल सके।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
