काशीपुर। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरीश रावत ने कहा कि काशीपुर वालों को अपना दर्द समझना होगा। उनके हर दुखदर्द में साथ रहने वाली कांग्रेस पार्टी सदैव उनके साथ है। कांग्रेसी नेता जयसिंह गौतम की पुत्री हिमांशी के विवाह समारोह में उपस्थिति दर्ज कराने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने वृहस्पतिवार सायं मीडिया से भी वार्ता की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा विफल मॉडल साबित हुई है। जनता ने इनकी कथनी और करनी का अंतर देखा और समझा है। भाजपा शासन भ्रष्टाचार, मंहगाई, बेरोजगारी, महिलाओं पर अत्याचार का प्रतीक बन गया है। इन मुद्दों को कांग्रेस प्रमुखता से उठा रही है। बीती 16 फरवरी को हल्लाबोल रैली इसका प्रत्यक्ष प्रमाण रही, जिसमें एकजुट कांग्रेस जनों के साथ ही आमजनमानस ने भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। काशीपुर में गुटों में बंटी कांग्रेस के बाबत पूछे जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। सब एक हैं। उन्होंने भाजपा को नारंगी बताते हुए कहा कि अंदर फांक ही फांक है, बाहर आरएसएस का कवच है। उन्होंने दावे के साथ कहा कि कांग्रेस काशीपुर समेत उन सभी सीटों पर चुनाव जीतेगी, जहां बीते विधानसभा चुनाव में उसे पराजय मिली थी। उन्होंने कहा कि काशीपुर की जनता को अपने दर्द का इलाज समझना होगा कि भाजपा के बहकावे में नहीं आना है। उन्होंने कांग्रेसी नेता जयसिंह गौतम की पुत्री के वैवाहिक जीवन की खुशहाली की कामना करते हुए पूरे परिवार को बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस दौरान श्री रावत के साथ वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अरुण चौहान कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आए।
आपको बता दें कि अरुण चौहान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बेहद करीबियों में शुमार हैं और उनके हर कार्यक्रम में जोशो-खरोश के साथ शामिल रहते हैं। विगत दिवस पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत यहां सैनिक कॉलोनी में अर्जुन रावत के आवास पर पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस सचिव अरुण चौहान के साथ ही एडवोकेट मनोज जोशी, हरीश कुमार सिंह एडवोकेट, संदीप चतुर्वेदी एडवोकेट, त्रिलोक अधिकारी, सोहेल खान, प्रदीप जोशी, अमित रावत, तरुण लोहनी आदि काफी संख्या में कांग्रेस जनों ने अपने सर्वमान्य नेता हरीश रावत का जोरदार स्वागत किया था।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
