April 25, 2026
Screenshot_2026-03-30-20-50-15-73

काशीपुर। भगवान महावीर जन्म कल्याणक के 2625वें जन्म कल्याणक के उपलक्ष्य में श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर के तत्वावधान में भव्य रथयात्रा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान गाजे-बाजे के साथ भगवान महावीर की रथयात्रा निकाली गई। मानपुर रोड स्थित बाबा रिसॉर्ट में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा एवं नैनी पेपर्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पवन अग्रवाल ने किया। विशिष्ट जैन अतिथियों द्वारा भगवान महावीर के चित्र का अनावरण भी किया गया। इससे पूर्व नागनाथ मंदिर के पास स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में जैन बंधुओं ने अभिषेक, शांतिधारा पूजन और अन्य मांगलिक कार्यक्रम संपन्न किए। जैन समाज की महिलाओं और बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि हस्तिनापुर से आई रामकुमार परदेशी की भजन मंडली ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। ध्वजारोहण कार्यक्रम देवेंद्र जैन (आदर्श प्रेस) और बाजपुर के कृष्ण जैन परिवार ने किया। इस दौरान अपने संबोधन में विधायक चीमा ने कहा कि अहिंसा परमो धर्म और जियो और जीने दो का संदेश देने वाला जैन समाज सराहनीय है। वहीं पवन अग्रवाल ने कहा कि जैन समाज आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से देश को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम के दौरान नगर और विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद जैन समिति ने भगवान महावीर की भव्य रथयात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से निकाली, जिसका जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। रथ में खवासी के रूप में आरजव जैन, सारथी के रूप में राहुल जैन, इंद्र के रूप में प्रवीण जैन, अभिनव जैन, हर्षित जैन और कुबेर के रूप में पुण्य जैन सवार रहे। वहीं, कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष योगेश जैन, मुख्य संयोजक विकास जैन, जसपुर के पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, पूर्व महापौर श्रीमती ऊषा चौधरी, पुष्पेंद्र जैन, विनय जैन, राजेश जैन, मनोज कुमार अग्रवाल, अंकित जैन, सुभाष जैन आदि के अतिरिक्त अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के प्रदेश उपाध्यक्ष कौशलेश गुप्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *