काशीपुर। चैती मेले की ठेका प्रकिया से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कूटरचित दस्तावेज बनाकर सरकारी धन का गबन करने के आरोप में पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज जांच शुरू कर दी है।उपजिलाधिकारी/ मेलाधिकारी श्री चैती मेला काशीपुर के कार्यालय में रीडर पद पर तैनात रहे राहुल जोशी ने कोतवाली आईटीआई पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि श्री चैती मेला काशीपुर के वर्ष 2026 के संचालन हेतु 7 मार्च 2026 को निविदायें खोली गई थी, जिसमें कई निविदादाताओं द्वारा प्रतिभाग किया गया था। दुकान एवं तहबाजारी की निविदा की मुख्य शर्तों के अनुसार कम से कम 50 लाख रुपये की धनराशि का हैसियत प्रमाण पत्र दाखिल करना आवश्यक था और उक्त प्रमाण पत्र उपजिलाधिकारी स्तर से नीचे का नहीं होना चाहिए था। उक्त के क्रम में दुकानों एवं तहबाजारी हेतु निविदाकारी ने प्रतिभाग किया, उनके द्वारा अपने-अपने प्रपत्र जमा किये गये एवं उसके उपरान्त उच्च बोलीदाता मै. देव इंटरप्राईजेज हिम्मतपुर हेमपुर इस्माईल, काशीपुर को वर्ष 2026 श्री चैती मेला काशीपुर में दुकानें एवं तहबाजारी के नाम ठेका 3,11,00,000 रुपये में जारी कर दिया गया। उक्त देव इंटरप्राईजेज के दो पार्टनर उमेश कुमार सिंह पुत्र मनवीर सिंह तथा ज्योत्स्ना पुत्री मनवीर सिंह निवासीगण हिम्मतपुर हेमपुर इस्माईल, बाजपुर रोड, काशीपुर हैं। इनकी ओर से मुख्तारेखास की हैसियत से कृष्ण पाल भारद्वाज पुत्र मनवीर सिंह निवासी हिम्मतपुर हेमपुर इस्माईल बाजपुर रोड, काशीपुर ने टेंडर प्रक्रिया में प्रतिभाग किया। ठेका लेने के उपरांत इन लोगों ने अग्रिम धनराशि जमा कर श्री चैती मेला काशीपुर वर्ष 2006 में कार्य किया और इनके द्वरा मेला पूर्ण होने के उपरान्त भी ठेके की कुल धनराशि में से केवल 1,80,83,777 रुपये की धनराशि जमा की गयी। शेष धनराशि 1,30,16,223 रुपये जमा नहीं किये गये। धनराशि बकाया होने के कारण मेलाधिकारी द्वारा मै. देव इण्टरप्राईजेज की अचल संपत्ति को सरकार में निहित करने हेतु जांच तहसीलदार काशीपुर को दी गयी। तहसीलदार काशीपुर द्वारा अपनी जांच आख्या में लिखा है कि मै. देव इण्टरप्राईजेज के प्रोपराईटर उमेश कुमार सिंह पुत्र मनवीर सिंह व श्रीमती ज्योत्स्ना पुत्री मनवीर सिंह निवासी हिम्मतपुर हेमपुर इस्माईल बाजपुर रोड, काशीपुर की अचल सम्पत्ति के सम्बन्ध मे ग्रामवासियों से पूछताछ की गई। पूछताछ में बताया गया कि उपरोक्त का एक मकान ग्राम हेमपुर इस्माईल में है, जिसकी मौके पर जाकर जांच की गयी जांच में उपरोक्त मकान खसरा नं. 57 के मध्य होना पाया गया, जो कि उपरोक्त के नाम दर्ज अभिलेख नहीं है। आस-पड़ोस से पूछताछ की गई तो उनके द्वारा बताया गया कि उपरोक्त मकान स्टाम्प पर क्रय किया गया है, जिस पर लगा मीटर कृष्णपाल भारद्वाज के पिता मनवीर सिंह के नाम से है तथा वर्तमान में उपरोक्त मकान के मुख्य गेट पर ताला लगा है। कृष्ण पाल भारद्वाज पुत्र मनवीर सिंह निवासी हिम्मतपुर हेमपुर इस्माईल बाजपुर रोड, काशीपुर की अचल सम्पत्ति के सम्बन्ध में अवगत कराना है कि क्षेत्र खोखराताल अन्तर्गत कृष्णपाल भारद्वाज पुत्र मनवीर सिंह के नाम कोई भी भूमि दर्ज अभिलेख नहीं है, केवल उनकी पत्नी श्रीमती हेमा जोशी पत्नी कृष्ण देव भारद्वाज के नाम ग्राम खोखराताल के खाता सं. 56 के खसरा नं. 99 मि. रक्वा 0.011 है. भूमि वर्ग 1ग विशेष श्रेगी में दर्ज है तथा उक्त भूमि पर पक्का आवासीय भवन/आवासीय विला बना हुआ है। फर्म मैं. देव इण्टरप्राईजेज के प्रोपराईटर उमेश कुमार सिंह पुत्र मनवीर सिंह व श्रीमती ज्योत्स्ना पुत्री मनवीर सिंह निवासीगण हिम्मतपुर हेमपुर इस्माईल बाजपुर रोड, काशीपुर के मुख्तारेआम कृष्णपाल भारद्वाज पुत्र मनवीर सिंह निवासी हिम्मतपुर हेमपुर इस्माईल बाजपुर रोड, काशीपुर के द्वारा श्री चैती मेला 2026 में दुकान एवं तहबाजारी के टेण्डर हेतु आवेदन करते समय हैसियत प्रमाण पत्र UK 26ES0400000868 जारी दिनांक 29.01.2026 जो उमेश कुमार सिंह पुत्र मनवीर सिंह के नाम से है, को संलग्न किया गया है, जिसकी जांच ई-डिस्ट्रिक कार्यालय तहसील कार्यालय काशीपुर से करवायी गयी तो हैसियत प्रमाण पत्र UK26E S0400000868 आवेदक महेन्द्र सिंह पुत्र कुंवर सिंह निवासी ग्राम पंचायत कौली कन्याल पट्टी तोली तहसील बंगापानी जिला पिथौरागढ़ उत्तराखण्ड के नाम 05.02.2026 को जारी होना पाया गया, जिससे विदित होता है कि दुकान एवं तहबाजारी की टेण्डर पत्रावली श्री चैती मेला 2026 में संलग्न हैसियत प्रमाण पत्र UK26ES0400000868 जारी दिनांक 29.01.2026 जो उमेश कुमार सिंह पुत्र मनवीर सिंह के नाम दर्ज है। उक्त हैसियत प्रमाण पत्र कूटरचित तरीके से बनाया गया है तथा उक्त हैसियत प्रमाण पत्र तहसील काशीपुर से जारी नहीं हुआ है। अतः फर्म मै. देव इण्टरप्राईजेज के प्रोपराईटर उमेश कुमार सिंह पुत्र मनवीर सिंह निवासी हिम्मतपुर हेमपुर इस्माईल बाजपुर रोड काशीपुर के द्वारा श्री चैती मेला 2026 में दुकान एवं तहबाजारी के टेण्डर हेतु जो हैसियत प्रमाण पत्र संख्या UK26ES0400000868 संलग्न किया है, वह कूटरचित तरीके से बनाया गया है। इस प्रकार यह स्पष्ट है कि जो हैसियत प्रमाण पत्र निविदा के समय मै. देव इण्टरइण्टरप्राईजेज के साझेदार उमेश कुमार सिंह पुत्र मनवीर सिंह व श्रीमती ज्योत्सना पुत्री मनवीर सिंह निवासीगण हिम्मतपुर हेमपुर इस्माईल, बाजपुर रोड, काशीपुर व मुख्तारेआम कृष्णपाल भारद्वाज पुत्र मनवीर सिंह निवासी हिम्मतपुर हेमपुर इस्माईल बाजपुर रोड, काशीपुर द्वारा प्रस्तुत किया गया है, वह कूटरचित है और उस पर उपजिलाधिकारी काशीपुर के कूटरचित हस्ताक्षर बनाये गये है़, जबकि जो क्रमांक उक्त कूटरचित हैसियत प्रमाण पत्र में अंकित है, वह पिथौरागढ़ के महेन्द्र सिंह पुत्र कुंवर सिंह निवासी ग्राम पंचायत कौली कन्याल पट्टी तोली तहसील बंगापानी जिला पिथौरागढ़ उत्तराखण्ड के नाम पर जारी किया गया था। इन लोगों द्वारा कूटरचित दस्तावेज तैयार कर श्री चैती मेला 2026 काशीपुर का ठेका प्राप्त किया गया और इनके द्वारा आर्थिक अपराध भी किया गया है और इनके द्वारा यह कूटरचना पूर्व से ही धोखाधड़ी के उद्देश्य से मन में छल का आशय रखते हुए की गई है। यह तीनों लोग गिरोह बन्द संगठित अपराधी हैं, इनके द्वारा गिरोह बनाकर कूटरचित दस्तावेज के माध्यम से ठेका प्राप्त कर संगठन सिंडिकेट के रूप में संयुक्त कार्य करके कूटरचित हैसियत प्रमाण पत्र बनाकर सरकार के 1,30,16223 रुपये हड़प लिये गये हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
