September 8, 2026
IMG-20260908-WA0262

काशीपुर। देशभर में विभिन्न स्थानों के साथ ही काशीपुर में भी भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती आगामी 10 सितंबर को धूमधाम से मनाई जाएगी, लेकिन विडंबना देखिए कि आयोजन में मात्र एक दिन शेष रह जाने के बावजूद स्टेशन रोड स्थित पंत पार्क की व्यवस्थाओं को दुरुस्त नहीं किया गया है।‌ वह भी तब जबकि जिलाधिकारी द्वारा इस बाबत संबंधितों को सख्त निर्देशित किया गया था। पं. गोविंद बल्लभ पंत जयंती समारोह समिति के संयोजक दिलीप मेहरोत्रा ने बताया कि उत्तराखंड के एकमात्र भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की जयंती प्रतिवर्ष यहां धूमधाम से मनाई जाती है। इस समारोह में समय-समय राजनीतिक एवं सामाजिक दिग्गज हस्तियां प्रतिभाग करती हैं। आयोजन को यादगार बनाने का हरसंभव प्रयास करते हुए पंत पार्क की व्यवस्थाओं में सुधार लाने का आग्रह जिलाधिकारी से किया जाता है। जिलाधिकारी इस हेतु निर्देशित भी करते हैं, किंतु न जाने क्यों अधीनस्थ इन निर्देशों का समय से पालन नहीं करते। श्री मेहरोत्रा ने बताया कि इस बार भी दिल्ली से आई टीम द्वारा जिलाधिकारी उधमसिंहनगर के सम्मुख व्यवस्था सुधारने की मांग रखी गई, लेकिन आज दिन तक पार्क की व्यवस्था सुधारी नहीं जा सकी है। पार्क में गंदगी का साम्राज्य है। फव्वारा दुरुस्त नहीं हो सका है। प्रतिमा पर न छतरी लगाई गई है और न ही चारों ओर ग्रिल ही लग सकी है। बच्चों के झूले और लाइटिंग अपनी कहानी खुद बयां कर रहे हैं। सीसीटीवी कैमरे की मांग तो शायद कभी पूरी नहीं हो सकेगी। उन्होंने बताया कि आज मंगलवार को उनके द्वारा अव्यवस्थाओं से संबंधित फोटो जिलाधिकारी को प्रेषित किये गये हैं, देखिए परिणाम क्या आता है। बहरहाल, वे आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *