काशीपुर। एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी के प्रधानाचार्य की तहरीर पर पुलिस ने किसान नेता जितेन्द्र सिंह जीतू, हरप्रीत, परमवीर सिंह, कुलदीप सिंह व एक अज्ञात के खिलाफ धारा 329, 351(3), 352 बीएनएस के अंतर्गत केस दर्ज कर लिया है। आरोप है कि किसान नेता जितेन्द्र सिंह जीतू ने अपने क्षेत्र में विद्यालय संचालित करने की ऐवज में एक लाख रूपये प्रतिमाह की रंगदारी मांगी। विदित हो कि ग्राम बरखेड़ी स्थित एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी के प्रधानाचार्य जेएस जाॅनसन पुत्र हेम सिंह ने कोतवाली आईटीआई पुलिस को तहरीर सौंपकर कहा था कि हमारे विद्यालय में पढ़ने वाले कक्षा 6 के छात्र के पिता हरप्रीत सिंह ने पिछले छह माह से कोई फीस जमा नहीं की और कक्षा नर्सरी व कक्षा 2 के छात्रों के पिता परमवीर सिंह के द्वारा भी काफी समय से फीस जमा नहीं की गयी है। हमारे द्वारा मौखिक रूप से व मैसेज के माध्यम से इन लोगों को फीस जमा करने के लिये लगातार आग्रह किया गया, परन्तु इनके द्वारा अपने बच्चों की फीस जमा नहीं की गयी। कुछ दिन पूर्व इन लोगों के द्वारा विद्यालय में आकर हंगामा करने की धमकी भी दी गयी। तहरीर में बताया गया कि 14 सितम्बर 2026 को करीब दोपहर 2 बजे गाली गलौच करते हुए हरप्रीत सिंह पुत्र गुरचरन सिंह व परमवीर सिंह पुत्र कुलदीप सिंह जो कि स्वयं को पत्रकार बताता है, इसके द्वारा जिला सूचना कार्यालय में कोई लाईसेन्स भी नहीं बनवाया गया है, साथ में स्वयंभू नेता बताने वाला जितेन्द्र सिंह जीतू पुत्र नामालूम, निवासी ग्राम गिरधई, तहसील काशीपुर, कुलदीप सिंह पुत्र नामालूम, निवासी ग्राम भरतपुर थाना कुण्डा व 7-8 अन्य अज्ञात व अन्य एक बन्दूकधारी जबरदस्ती बिना अनुमति के विद्यालय के अन्दर गेट पर खड़े गार्ड को धक्का देते हुये घुस आये, और रिसेप्शन पर बैठी युवती से अभद्रता की और पठन पाठन के कार्य को प्रभावित किया तथा सिक्खों के गुरु श्री गुरुनानक देव जी के नाम को लेकर भी गलत टिप्पणी की, जिससे धार्मिक भावनायें भी भड़काने का प्रयास किया गया एवं विद्यालय में भी श्री गुरुनानक देव जी की तस्वीर के नीचे खड़े होकर अभद्रता की गई। आरोप लगाया कि उक्त के द्वारा नाबालिग बच्चियों व अन्य स्टाफ को जान से मारने की धमकी दी गई। तहरीर के मुताबिक जितेन्द्र सिंह जीतू बोला कि मैं किसान नेता हूं, ज्यादा परेशान करोगे तो स्कूल बन्द करा दूंगा और किसी भी टीचर की कभी भी हत्या करा दूंगा। उत्तराखंड सरकार में मेरी पहुंच बहुत है इसीलिये मुझे गनर प्राप्त है। इन लोगों द्वारा विद्यालय का माहौल खराब किया गया। आरोप है कि उक्त लोगों द्वारा धमकी दी गई कि 16 सितम्बर को भीड़ लाकर विद्यालय में तोड़ फोड़ करेंगे। तहरीर में कहा गया कि इस घटना के बाद जितेन्द्र सिंह जीतू विद्यालय के प्रबन्धन से विभिन्न माध्यमों से एक लाख रूपये प्रतिमाह की रंगदारी मांग रहा है और कह रहा है कि यदि मेरे क्षेत्र में विद्यालय चलाना है तो एक लाख रुपये प्रतिमाह देते रहो। तहरीर के आधार पर पुलिस ने जितेन्द्र सिंह जीतू, हरप्रीत, परमवीर सिंह, कुलदीप सिंह व एक अज्ञात के खिलाफ धारा 329, 351(3), 352 बीएनएस के अंतर्गत केस दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
