काशीपुर। कभी ऐसा दौर था, जब चाय 10 पैसे की मिलती थी। कुल्हड़ में गरम चाय, साथ में दो बिस्कुट, और घंटों की गपशप। आज वही चाय 100 रुपये के पार पहुंच गई है। दाम बढ़े, लेकिन स्वाद और क्वालिटी घट गई।
बुजुर्ग बताते हैं, पहले चाय में दूध, पत्ती और शक्कर का हिसाब बराबर होता था। चाय पीते ही दिन बन जाता था। अब होटलों और ठेलों पर चाय के नाम पर सिर्फ रंगीन पानी मिल रहा है।पहले 10 पैसे, फिर 50 पैसे, 1 रुपया, 5 रुपये, 10 रुपये… और अब 20, 30, 50 और कई जगह 100 रुपये तक चाय बिक रही है। जिम्मेदार अफसर इस ओर ध्यान देना जरूरी नहीं समझ रहे हैं। वहीं, चाय विक्रेताओं का कहना है कि दूध महंगा, गैस महंगी, पत्ती महंगी, चीनी महंगी, दुकान का किराया महंगा। ऐसे में सस्ती चाय बेचना मुमकिन नहीं है।
वहीं ग्राहकों का कहना है कि दाम तो बढ़ गए, लेकिन चाय में न वो दूध रहा, न वो पत्ती, न वो स्वाद। कई जगह तो पाउडर वाले दूध और सस्ती पत्ती से चाय बनाई जा रही है। पहले मिट्टी के कुल्हड़ में चाय मिलती थी, उसकी खुशबू ही अलग थी। अब प्लास्टिक और कागज के कप में चाय मिलती है। स्वाद के साथ-साथ सेहत भी खतरे में है।
*बुजुर्गों की यादें*
काशीपुर के बुजुर्ग रामप्रसाद बताते हैं – _“हम 10 पैसे की चाय पीकर पूरा दिन काम करते थे। चाय में ताकत होती थी। अब 10 रुपये की चाय पीकर भी मजा नहीं आता।”_
एक और ग्राहक बोले – _“पहले चाय दुकान पर बैठकर लोग रिश्ते बनाते थे, खबरें मिलती थीं। अब चाय महंगी हो गई, बैठना भी महंगा हो गया।”_
*चाय सिर्फ चाय नहीं, भावना है*
चाय सिर्फ एक पेय नहीं, हिंदुस्तान की संस्कृति है। सुबह की चाय, थकान की चाय, मेहमान की चाय, दोस्ती की चाय। लेकिन महंगाई ने इस भावना को भी महंगा कर दिया।
लोग अब पूछ रहे हैं – जब दाम सैकड़ा तक पहुंच गए, तो क्वालिटी 10 पैसे वाली क्यों हो गई?

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
