April 23, 2026
Screenshot_2026-04-01-19-37-19-68

बाजपुर। खटीमा से हरिद्वार जा रही रोडवेज बस पर बाइक सवार युवकों ने पथराव कर दिया। गदरपुर और केलाखेड़ा के बीच दो चरणों में हुए इस हमले में बस चालक घायल हो गया, जबकि बस में सवार करीब 40 यात्रियों में दहशत फैल गई। बिगड़ते हालात के बीच चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, टनकपुर निवासी चालक शारदा शंकर पुत्र खड़क सेन बुधवार को खटीमा डिपो की बस लेकर हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। शाम करीब चार बजे गदरपुर के पास दो बाइक सवार युवकों ने बस को ओवरटेक किया और चालक के साथ गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर उन्होंने बस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। चालक ने तुरंत इसकी सूचना गदरपुर कोतवाली पुलिस को देते हुए बस आगे बढ़ाई। आरोप है कि गदरपुर और केलाखेड़ा के बीच उन बाइक सवारों के छह से आठ साथी और पहुंच गए। उन्होंने बस को घेर लिया और अंधाधुंध पथराव करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान बस के शीशे टूट गए और चालक शारदा शंकर घायल हो गए। बस के अंदर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और हालात बेकाबू हो गए। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने साहस का परिचय दिया और बस की रफ्तार बढ़ाते हुए सीधे दोराहा पुलिस चौकी पहुंचकर बस को सुरक्षित खड़ा कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। एसएसआई विक्रम धामी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। सीओ विभव सैनी ने बताया कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। सभी सवारियों को दूसरी बस से गंतव्य को रवाना किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *