काशीपुर। चैती मेला परिसर के बाहर लगी अवैध दुकानों को प्रशासन और नगर निगम की टीम ने आज जेसीबी से हटा दिया। इससे गुस्साए दुकानदारों ने हंगामा मचाते हुए ब्लॉक रोड पर जाम लगा दिया। उनका आरोप था कि 13 दिन तक नगर निगम तहबाजारी की रसीद काटकर शुल्क वसूली करता रहा। अब प्रशासन को उनकी दुकानें अवैध नजर आईं। उन्होंने मेला प्रशासन पर मेला ठेकेदार से मिलीभगत कर दुकानें हटवाने का आरोप लगाया। ज्ञात हो कि चैती मेला 19 मार्च से शुरू हुआ है। मेला परिसर से बाहर ब्लॉक कार्यालय के आसपास करीब तीन दर्जन दुकानदारों ने हर वर्ष की तरह दुकानें लगाई हैं। आज तहसीलदार पंकज चंदोला और नगर निगम के सफाई निरीक्षक के नेतृत्व में टीम ने दुकानों को अवैध बताते हुए जेसीबी की सहायता से ध्वस्त कर दिया। इससे दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए दुकानदारों ने सड़क पर सामान रखकर जाम लगा दिया। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि यदि उनकी दुकानें अवैध थीं तो प्रशासन पहले दुकानें ही नहीं लगाने देता। नगर निगम लगातार उनसे तहबाजारी शुल्क वसूल कर रहा है। मेला मजिस्ट्रेट/एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि चैती मेला क्षेत्र के बाहर अवैध रूप से दुकानें लगाई गई हैं। जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। कई बार दुकानदारों को मौखिक रूप से दुकानें हटाने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने दुकानें नहीं हटाई। इस पर कार्रवाई की गई है।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
