May 3, 2026
Screenshot_2026-05-03-16-25-40-55

काशीपुर। विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर काशीपुर मीडिया सेन्टर (रजि.) द्वारा विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित पत्रकार बंधुओं ने अपने-अपने विचार रखते हुए निर्भीक और‌ निष्पक्ष पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने पर जोर दिया। संगठन के अध्यक्ष दिलप्रीत सेठी की अध्यक्षता में आयोजित संगोष्ठी का संचालन पत्रकार रफी खान ने किया। मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित करने के उपरांत आरंभ संगोष्ठी को संबोधित करते हुए संगठन के विशेष आमंत्रित सदस्य पत्रकार मुकुल मानव ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। उन्होंने बताया कि एक सच्चा पत्रकार निडरता और ईमानदारी से समाज को सच से जोड़ता है। यह दिवस उन पत्रकारों को सम्मान देने का अवसर है जो कठिनाइयों के बावजूद निष्पक्ष पत्रकारिता करते हैं। लेकिन दुर्भाग्य की बात है, आज पत्रकारिता का रूप, स्वरूप बदलता जा रहा है। शोषण के खिलाफ आमजन की आवाज प्रमुखता से उठाने वाले पत्रकारों को ही शोषण का दंश झेलना पड़ रहा है। उन्होंने इस हेतु विचार मंथन की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, संगठन के कोषाध्यक्ष पत्रकार नीरज गुप्ता ने स्वतंत्रता की अभिव्यक्ति समेत विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि सरकार को पत्रकारों के हितार्थ कार्य करने चाहिए।‌उनके और‌ उनके परिवारों‌ के लिए कुशल‌ चिकित्सा एवं‌ सुरक्षा व्यवस्था, बच्चों की शिक्षा व्यवस्था कराई जाए। विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों में उनकी समान भागीदारी हो और‌ पत्रकार प्रशिक्षण हेतु आयोजित कार्यक्रम में उन्हें भी उपस्थिति दर्ज कराने का अवसर प्रदान किया जाए। महामंत्री पत्रकार गजेन्द्र यादव, सचिव पत्रकार करन सिंह, पत्रकार भगवान सिंह आदि ने भी इस दौरान अपने विचार व्यक्त किए।‌ वहीं, अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में अध्यक्ष श्री सेठी ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र ने 1993 में 3 मई को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस की मान्यता दी। यह दिवस 1991 के विंडहोक घोषणापत्र की याद में मनाया जाता है। इस घोषणापत्र में स्वतंत्र, निष्पक्ष और विविधतापूर्ण प्रेस की आवश्यकता पर जोर दिया गया था। उन्होंने कहा कि संगोष्ठी में आए विचारों को उन्होंने ध्यान पूर्वक सुना है। इन पर गहन मंथन किया जाएगा। साथ ही कहा कि वे पत्रकारों की समस्याओं को सरकार व‌ शासन के सम्मुख रखने को प्रतिबद्ध हैं। कार्यक्रम के अंत में काशीपुर मीडिया सेन्टर के प्रेस कार्ड और स्टीकर का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष सोनू जैन, उपाध्यक्ष एफयू खान, वरिष्ठ महामंत्री विपिन चौहान, जसविंदर गांधी, नवीन अरोरा, जीवन सिंह, कुंदन विष्ट, अरुण कुमार, नाजिम मंसूरी, मुकीम आलम, मौ. शमी, मनप्रीत सिंह गांधी, अभिषेक बलौदी, माणिक गुप्ता, भगीरथ शर्मा, आकाश गुप्ता व अनिल कुमार आदि उपस्थित पत्रकार बंधुओं ने सत्य और निष्पक्ष पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *