May 9, 2026
Screenshot_2026-05-09-14-45-41-71

नई दिल्ली। पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित आवास पर शनिवार सुबह ईडी की रेड हुई। जिसके बाद अब उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। ईडी की कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि पंजाब के साथ अत्याचार हो रहा है। मोदी राज में एजेंसियों के दम पर विपक्षी नेताओं को डराकर भाजपा में शामिल करवाने की राजनीति हो रही है। भाजपा के अत्याचारों के आगे पंजाब नहीं झुकेगा। केजरीवाल ने कहा, ‘डराओ, खरीदो, तोड़ो और पार्टी में शामिल करवाओ, भाजपा अब सिर्फ इसी सिद्धांत पर काम कर रही है।’ बंगाल चुनाव खत्म, पंजाब में रोज ईडी की रेड करना शुरू : केजरीवाल
वहीं, अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘जैसे ही बंगाल चुनाव खत्म हुए, मोदी ने पंजाब में रोज ईडी की रेड करना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ साल में मोदी जी ने पंजाब के साथ बहुत धक्का किया है। पंजाबियों को तरह-तरह से प्रताड़ित किया है। पंजाब के पानी पर हमला किया, पंजाब यूनिवर्सिटी को लेने की कोशिश की, ग्रामीण विकास का पैसा रोक लिया और अब ईडी की ताबड़तोड़ रेड शुरू कर दी। अशोक मित्तल के यहां रेड हुई, अगले दिन उनको बीजेपी में शामिल करवा लिया। इसका मतलब ईडी की रेड का मकसद चोरी का पैसा ढूंढना नहीं था। केवल अशोक मित्तल को तोड़कर उन्हें भाजपा में शामिल करवाना था। कुछ दिन पहले संजीव अरोड़ा के यहां भी रेड हुई। वो भाजपा में शामिल नहीं हुए तो उनके यहां फिर से रेड कर दी। ‘केजरीवाल ने आगे लिखा,’ पंजाब गुरुओं की धरती है। कई सौ साल पहले औरंगजेब ने जुर्म और अत्याचार के जरिए देश के कई भागों पर कब्जा कर लिया। मोदी जी ने भी बेईमानी से देश के कई हिस्सों पर कब्जा कर लिया है। उसके बाद औरंगजेब पंजाब पहुंचा। मोदी जी भी अब पंजाब पहुंचे हैं। औरंगजेब ने गुरुओं पर बहुत अत्याचार किए। मोदी जी भी पंजाबियों पर अत्याचार कर रहे हैं। पर गुरुओं ने कुर्बानी देकर औरंगजेब का सामना किया और लोगों को बचाया। आज गुरुओं की कुर्बानी से प्रेरणा लेकर पंजाब मोदी जी के अत्याचार का सामना करेगा और पूरे देश को उनके अत्याचार से बचाएगा।’
बता दें कि चंडीगढ़ सेक्टर दो में अरोड़ा के आवास पर शनिवार सुबह करीब 20 गाड़ियों में टीम पहुंची। मंत्री संजीव अरोड़ा पर महीने भर में ईडी की दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले उनके लुधियाना के ठिकानों पर दबिश हुई थी।                                            पंजाब नहीं झुकेगा- सीएम भगवंत मान
 इस रेड पर भड़के सीएम भगवंत मान ने ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधा है। सीएम ने एक्स पर लिखा–आज फिर बीजेपी की ईडी संजीव अरोड़ा के घर आई है। एक साल में यह तीसरी बार है जब बीजेपी की ईडी उनके घर आई है, और एक महीने में दूसरी बार। फिर भी उन्हें कुछ नहीं मिला। मैं मोदी जी से कहना चाहता हूँ कि पंजाब गुरुओं की धरती है; औरंगजेब भी इसे झुका नहीं पाया था। यह भगत सिंह की धरती है, जिन्होंने अंग्रेजों के सामने कभी सिर नहीं झुकाया; इसलिए पंजाब मोदी की चालों के आगे कभी नहीं झुकेगा। पंजाब, ईडी और भाजपा के इस अनैतिक गठबंधन को खत्म कर देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *