May 21, 2026
Screenshot_2026-05-21-12-44-22-13

काशीपुर। लगातार बढ़ रही गर्मी का असर अब बाजारों में दिखने लगा है। गर्मी बढ़ने के साथ ही कूलर, एसी, फ्रिज, कोल्ड ड्रिंक, जूस और आइसक्रीम की बिक्री में भारी तेजी आई है। शहर में इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप से लेकर थोक मंडियों और खुदरा दुकानों तक ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है। व्यापारियों के अनुसार पिछले दो सप्ताह में गर्मी से जुड़े उत्पादों की बिक्री में 30-35 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोत्तरी हुई है।
    इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारियों का कहना है कि इस बार सबसे ज्यादा मांग मध्यम श्रेणी के कूलर और इन्वर्टर एसी की देखी जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप में रोजाना दर्जनों कूलर और एसी की बिक्री हो रही है। इधर, पेय पदार्थ और आइसक्रीम का कारोबार भी चमक गया है। थोक व्यापारियों के मुताबिक कोल्ड ड्रिंक, पैकेज्ड जूस, लस्सी और आइसक्रीम की मांग में 40 प्रतिशत तक बढ़ोत्तरी हुई है। शहर में प्रतिदिन हजारों लीटर ठंडे पेय की खपत हो रही है। कई दुकानदारों ने अतिरिक्त स्टॉक मंगाना शुरू कर दिया है। फल और गन्ने के जूस के लिए भी ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ती है तो कारोबार में और तेजी आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *