काशीपुर। नॉन स्मार्ट सिटी काशीपुर में पहला कूड़ा निस्तारण मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम नगर निगम परिसर में बनाया जा रहा है। कंट्रोल रूम अगले दो-तीन महीने में काम शुरू कर देगा। यहां से 24 घंटे डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और कूड़ा प्वाइंट पर नजर रखी जाएगी। नगर निगम प्रशासन ने डोर-टू-डोर कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया को और अधिक आधुनिक बनाने के लिए ऑनलाइन मॉनिटरिंग का निर्णय लिया है। शहर के प्रत्येक घर, खाली प्लॉट, व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर आरएफआईडी चिप लगाने का कार्य शीघ्र शुरू होगा और रीडर कूड़ा कलेक्शन वाहन पर लगेगा। महापौर दीपक बाली ने बताया कि नॉन स्मार्ट सिटी का यह पहला कंट्रोल रूम होगा। उन्होंने बताया कि जिस भी भवन, खाली प्लॉट व व्यावसायिक प्रतिष्ठान के पास यह वाहन जाएगा, रीडर उसकी जानकारी कंट्रोल रूम को देगा। चिप और रीडर में भवन स्वामी का मोबाइल नंबर, नाम व पता टैग नंबर होगा। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से यह पता चल जाएगा कि वाहन कहां और किस समय पहुंचा। महापौर ने बताया कि शहर में लगभग 54,000 भवन और प्लॉट के अलावा 11 हजार व्यावसायिक प्रतिष्ठान है। महापौर ने बताया कि बहुत जल्द शहर में 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य भी शुरू किया जाएगा। इन कैमरों को कंट्रोल रूम से अटैच किया जाएगा और 24 घंटे शहर में स्वच्छता पर निगरानी की जाएगी। जो भी व्यक्ति सड़क या नाली में कूड़ा फेंकते हुए पाया जाएगा उसके खिलाफ जुर्माना की कार्रवाई की जाएगी।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
