June 12, 2026
Screenshot_2026-06-12-08-42-12-93

देहरादून। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2029 और 2034 में दोबारा सत्ता पर काबिज होंगे। रामदास ने कहा है कि मोदी सरकार बिना भेदभाव के समाज के हर वर्ग के लिए लगातार काम कर रही है। मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर रामदास ने यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ‘लोग चाहते हैं कि मोदी सत्ता पर काबिज रहें। वे साल 2029 ही नहीं साल 2034 का चुनाव भी जीतेंगे। लोकतंत्र में जनादेश जनता के पास होता है। केंद्र में एनडीए सरकार की सहयोगी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अठावले ने प्रेस कॉनफ्रेंस के दौरान मजाकिया लहजे में हंसते हुए कहा कि ‘मैं जिसका भी साथ देता हूं, वही सत्ता में आता है। मैं सरकार का हिस्सा बन जाता हूं और विपक्ष सत्ता से दूर हो जाता है।’ भेदभाव के आरोपों को खारिज करते हुए मोदी सरकार की तारीफ में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब से मोदी सरकार सत्ता में आई है तब से देश के हर वर्ग का ध्यान में रखकर काम किया जा रहा है। इसके साथ ही मोदी सरकार की योजनाओं से देश में विकास को नई रफ्तार मिली है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में हिंदुओं, मुसलमानों, ईसाइयों, जैन, बौद्धों और लिंगायतों समेत सभी समुदायों के लिए समान रूप से काम किया जा रहा है।
आपको बता दें कि नरेंद्र मोदी ने बुधवार को 4,399 दिनों के लगातार कार्यकाल के साथ भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके साथ ही उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का 4,398 दिनों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। कीर्तिमान स्थापित करने के अवसर पर देशभर में मंत्रियों, सांसदों और विधायकों समेत बीजेपी के नेताओं ने मंदिरों में ‘हवन’ और विशेष पूजा-अर्चना की। बीते महीने 28 मई को रामदास अठावले कहा था कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव नरेंद्र मोदी को हरा नहीं सकते। यूपी में अखिलेश यादव की सरकार बिल्कुल नहीं आएगी। मेरा मानना है कि 300 से ज्यादा सीटें एनडीए को मिलेंगी और मुख्यमंत्री भी एनडीए का बनेगा। योगी आदित्यनाथ जी ने बहुत अच्छा काम किया है। गुंडाराज खत्म किया है और यूपी का विकास करने में उनका नाम भी अच्छा है। वहां (यूपी) में अखिलेश यादव की सरकार बिल्कुल नहीं आएगी और हम 300 से ज्यादा सीटें जीतेंगे।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *