July 20, 2026
Screenshot_2026-07-19-19-37-07-00

बाजपुर। केलाखेड़ा पुलिस ने बुजुर्ग महिला से लूट की वारदात का महज 36 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को थाना केलाखेड़ा में घटना का खुलासा करते हुए एएसपी स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि 17 जुलाई की सुबह ग्राम मजरा रहमतुल्ला निवासी निशांत सिंह की 80 वर्षीय मां सुबह की सैर के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान एक बदमाश ने सुनसान रास्ते पर उन्हें अकेला पाकर हमला कर दिया। आरोपी ने उनके कानों से करीब दो तोला सोने के कुंडल लूट लिए और मारपीट कर उन्हें पास के एक खेत में फेंककर फरार हो गया। आरोपी ने बुजुर्ग महिला का उनकी चुन्नी से गला दबाने का भी प्रयास किया। घटना के संबंध में थाना केलाखेड़ा में मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं एसएसपी के निर्देश पर तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे 60 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और करीब 40 संदिग्धों को चिह्नित किया। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बोर नदी पुल के पास से आरोपी चंदनपुरा निवासी रामस्वरूप पुत्र रामदीन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मनीष खत्री, चौकी प्रभारी बैरिया दौलत मनोज जलाल, एसआई हरीश महर, एसआई ललित चौधरी, मोहित कुमार, हेमचंद्र, मुकेश चंद्र, हेड कांस्टेबल मनोज सिंह बिष्ट, कांस्टेबल उमेश शाह, सचिन कुमार, चंद्रशेखर कांबोज और नगेंद्र राठी थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *